Headlines

डॉ.जैन क्लिनिक पर निःशुल्क फाइब्रोस्कैन शिविर में 95 मरीजों ने उठाया लाभ

दतिया। विद्या विहार कॉलोनी, चैतन्यपुरी आश्रम (हनुमान गढ़ी के पास) स्थित डॉ. हेमंत जैन क्लिनिक पर रविवार को 26 जुलाई को एक दिवसीय निःशुल्क परामर्श एवं फाइब्रोस्कैन शिविर सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय दतिया के मेडिसिन विभाग के सह प्राध्यापक डॉ. हेमंत कुमार जैन(एम.डी.मेडिसिन ) के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में 95 मरीजों ने अपने स्वास्थ्य की जांच कराई और निःशुल्क परामर्श का लाभ उठाया।सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले इस शिविर का मुख्य आकर्षण ‘निःशुल्क फाइब्रोस्कैन’ सुविधा रही। इस अत्याधुनिक मशीन के जरिए मरीजों के लिवर की सेहत की जांच चंद मिनटों में की गई और उन्हें उचित चिकित्सीय परामर्श दिया गया।
”शराब और खराब जीवनशैली बन रही गंभीर बीमारियों का कारण”
शिविर के दौरान मरीजों की जांच में यह बात प्रमुखता से सामने आई कि आजकल लिवर से जुड़ी बीमारियों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। इसका सबसे बड़ा कारण लोगों की आधुनिक और अनियंत्रित जीवनशैली तथा शराब का बढ़ता चलन है। शराब का सेवन और शारीरिक श्रम की कमी (खराब दिनचर्या) के कारण लिवर में फैट यानी चर्बी का जमा होना (फैटी लिवर) अब एक आम समस्या बन गया है।
लिवर में इस तरह फैट जमा होने से शरीर में इन्सुलिन रेजिस्टेंस बढ़ जाता है, जिसके परिणामस्वरूप लोगों में मधुमेह (डायबिटीज), बढ़ा हुआ कोलेस्ट्रॉल और दिल से जुड़ी जानलेवा समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं।
“समय पर जांच ही है असली बचाव”
मरीजों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए डॉ. हेमंत कुमार जैन ने बताया, “फाइब्रोस्कैन जैसी जांचों से लिवर की स्थिति का मिनटों में पता लगाया जा सकता है। यदि समय रहते फैटी लिवर या लिवर की अन्य समस्याओं का पता चल जाए, तो हम स्थिति को वहीं रोक कर कई गंभीर बीमारियों से अपना बचाव कर सकते हैं।”
डॉ. जैन ने जोर देकर कहा कि स्वस्थ लिवर के लिए शराब से पूरी तरह दूरी बनाना, फास्ट फूड से बचना और नियमित व्यायाम को अपनी दिनचर्या में शामिल करना बेहद आवश्यक है। शिविर में लाभान्वित हुए 95 मरीजों और उनके परिजनों ने सम्पूर्ण स्वास्थ्य लाभ मुहैया कराने की इस निःशुल्क पहल के लिए डॉ. जैन का आभार व्यक्त किया।शिविर में युवा समाज सेवी कौशल पाठक , अनिल शाक्य , मयंक पुरोहित ,सोनू कुशवाह ,नरेंद्र कुशवाह, धीरज ढींगरा और जीतू हरिया का सहयोग रहा।

Please follow and like us:
Pin Share