Headlines

दीपावली पर पटाखे जलाते समय रखें सावधानी स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी

दीपावली रोशनी, आतिशबाजी हर्ष उल्लास का त्योहार है।इस पर्व पर छोटे बच्चों से लेकर बड़े तक सभी आतिशबाजी चलाते हैं लेकिन आतिशबाजी चलाते समय सावधानी भी रखना बहुत जरूरी है इसी को ध्यान में रखते हुए ग्वालियर कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा एडवाइजरी जारी की गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एम एस सागर ने बताया कि पटाखे जलाते समय सावधानी बरतें । बड़ों की निगरानी में ही छोटे बच्चों से पटाखे चलवायें। पटाखों के लापरवाही, अनुचित एवं असावधानी पूर्वक जलाने से जलने एवं आंखों में गंभीर चोट लगने की आशंका रहती है। ऐसे हादसों से बचाव एवं आपात स्थिति में सही प्राथमिक उपचार की जानकारी होना बहुत जरूरी है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एम एस सागर ने जलने एवं आंख में चोट लगने पर क्या करना चाहिए और क्या नहीं इस बारे में जानकारी देते हुए बताया…
जलने पर क्या करें और क्या न करें
*जली हुई त्वचा को 10 से 20 मिनट तक ठंडे बहते पानी के नीचे रखें।
*जले हुए स्थान पर बर्फ, टूथपेस्ट, तेल या घी न लगाएं।
*जले हुए स्थान पर पड़े छालों को न फोड़ें और चिपके हुए कपड़े न खींचें।
*गंभीर रूप से जलने पर तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचें।
आंखों में चोट लगने पर क्या करें और क्या न करें
*आंख में बारूद या केमिकल जाने पर 15 से 20 मिनट तक साफ पानी या सलाइन से आंख धोएं।
*आंख को बिल्कुल न मलें और न ही दबाएं।
*बिना चिकित्सकीय सलाह के आई ड्रॉप का उपयोग न करें।
*आंख में चोट लगने पर साफ कपड़े से हल्के से ढककर तत्काल नेत्र चिकित्सक से संपर्क करें।
त्योहार के दौरान पटाखों से जलने,चोट लगने आदि घटनाओं के त्वरित उपचार, आपातकालीन प्रबंधन एवं समुचित स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने हेतु सभी स्वास्थ्य संस्थाओं को अलर्ट मोड पर रखा गया है साथ ही गंभीर रूप से झुलसे अथवा गंभीर नेत्र क्षति वाले मरीजों को हायर ऑथारिटी रेफर करने के लिए 108 एंबुलेंस को तुरंत रिस्पांस करने हेतु जिला 108 मैनेजर को भी निर्देशित किया गया है।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि दीपावली पर पटाखे सावधानीपूर्वक जलाएं, बच्चों को अकेले पटाखे न जलाने दें तथा किसी भी दुर्घटना की स्थिति में घरेलू नुस्खों के बजाय चिकित्सकीय सहायता लें।

Please follow and like us:
Pin Share