इटावा। नारायन कॉलेज ऑफ साइंस एंड आर्ट्स के विशाल सभागार में सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स की ओर से अंतरविद्यालय नृत्य प्रतियोगिता ‘नृत्योत्सव’ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में सीबीएसई से संबद्ध 12 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी नृत्य प्रतिभा का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. आनंद मोहन, डॉ. श्वेता तिवारी, डॉ. नमिता तिवारी, कथक नृत्यांगना एवं समाजसेविका श्रीमती परोमिता असीन विश्वास सहित अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में अभिषेक सक्सेना, रॉय बरगीश, विवेक श्रीवास्तव, सौरभ दुबे, डॉ. कैलाश चंद्र यादव, श्रीमती पूनम शर्मा सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में नारायन कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स के अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि नृत्य कला कौशल का पवित्र और महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके माध्यम से बिना शब्दों के भी किसी कहानी और भावनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा सकता है। आधुनिक तकनीकी युग में नृत्य के क्षेत्र में रोजगार के अनेक अवसर भी उपलब्ध हैं।प्रतियोगिता की थीम ‘रेट्रो टू मेट्रो: जर्नी फ्रॉम 80 टू 2025, म्यूजिक ओल्ड क्लासिक टू लेटेस्ट बॉलीवुड’ रखी गई। इसमें प्रतिभागियों ने पुराने क्लासिक गीतों से लेकर आधुनिक बॉलीवुड संगीत तक की धुनों पर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।
प्रतियोगिता में सेविन हिल्स इंटर कॉलेज ने प्रथम, पान कुंवर इंटरनेशनल स्कूल ने द्वितीय तथा संत विवेकानंद पब्लिक स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।आयोजक नारायन कॉलेज ऑफ साइंस एंड आर्ट्स ने प्रतियोगिता के संचालन की जिम्मेदारी निभाई और स्वयं प्रतिभाग नहीं किया।
निर्णायक मंडल में डॉ. नमिता तिवारी, श्रीमती परोमिता असीन विश्वास, श्रीमती पूनम शर्मा एवं डॉ. धर्मेंद्र शर्मा शामिल रहे। निर्णायकों ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नृत्य कला के प्रति रुचि बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना रहा
नारायन कॉलेज में सहोदया अंतरविद्यालय नृत्य प्रतियोगिता ‘नृत्योत्सव’ का आयोजन

