Headlines

प्रमुख बाजारों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन सख्त, व्यापारियों के साथ हुई शांति समिति की बैठक

इटावा। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर बबीता सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर एवं क्षेत्राधिकारी नगर अवनीश कुमार सिंह ने पुलिस लाइन सभागार में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं संभ्रांत व्यापारियों के साथ शांति समिति की बैठक की।
बैठक में अधिकारियों ने व्यापारियों से त्योहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। साथ ही बाजारों में सुरक्षा, यातायात और साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने को कहा।अधिकारियों ने बाजारों में जाम की समस्या से निपटने के लिए आवश्यकतानुसार वन-वे व्यवस्था लागू करने और मुख्य बाजारों व सड़कों से अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए। ई-रिक्शा और थ्री-व्हीलर के आवागमन को नियंत्रित करने के साथ ही फल एवं अन्य ठेलों को व्यवस्थित रखने पर भी जोर दिया गया।सदर बाजार, सर्राफा मार्केट सहित प्रमुख बाजारों में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए। वहीं, बाजारों में लगे सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त रखने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर बनाए रखने को कहा गया।बैठक के दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याएं एवं सुझाव भी सुने और उनके यथासंभव शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। व्यापारियों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्व की जानकारी तत्काल पुलिस को दें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें।

Please follow and like us:
Pin Share