इटावा। दीपावली के पर्व को लेकर पानकुंवर इंटरनेशनल स्कूल में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। मानिकपुर मोड़, ग्वालियर बाईपास स्थित विद्यालय में दीपावली के उपलक्ष्य में नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए दीया मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने मिट्टी के साधारण दीयों को रंगों, आकर्षक डिजाइनों और विभिन्न सजावटी सामग्रियों से खूबसूरत रूप दिया। किसी ने रंग-बिरंगे रंगों से दीयों को सजाया तो किसी ने अपनी कल्पनाशीलता से आकर्षक कलाकृतियां तैयार कीं। बच्चों की मनमोहक रचनाओं ने शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन का ध्यान आकर्षित किया।विद्यालय में इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों की रचनात्मक क्षमता को बढ़ावा देने के साथ उनमें भारतीय संस्कृति, परंपराओं और स्वदेशी वस्तुओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना रहा। साथ ही बच्चों को मिट्टी के दीयों के महत्व से भी परिचित कराया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ रचनात्मक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे आयोजनों से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम के समापन पर बच्चों की कलाकृतियों की सराहना की गई। विद्यालय परिवार ने सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
पानकुंवर इंटरनेशनल स्कूल में बच्चों ने सजाए आकर्षक दीये, रचनात्मक प्रतिभा का किया प्रदर्शन

