इटावा। रोशनी के पर्व दीपावली को लेकर शहर के बाजारों में उत्सव जैसा माहौल है। घरों में पूजन और सजावट की तैयारियों के साथ मिठाइयों की खरीदारी भी जोर पकड़ रही है। अपने प्रियजनों को मिठाई देकर त्योहार की खुशियां साझा करने के लिए लोग बड़ी संख्या में दुकानों का रुख कर रहे हैं। बल्देव चौराहा, तहसील चौराहा, नगर पालिका चौराहा, राजागंज और बजाजा लाइन के बाजारों में दिनभर चहल-पहल बनी हुई है।इस त्योहारी माहौल में बल्देव प्रसाद मिष्ठान भंडार की करीब 90 वर्ष पुरानी सोनपपड़ी एक बार फिर चर्चा में है। वर्षों से अपने खास स्वाद के लिए पहचान रखने वाली इस मिठाई की लोकप्रियता आज भी बरकरार है। प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर नरेश चंद्र यादव के पुत्र विश्वास यादव ने बताया कि सोनपपड़ी उनके प्रतिष्ठान की खास पहचान है। पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव भी इस सोनपपड़ी को संसद तक ले जाकर लोगों को इसका स्वाद चखा चुके हैं। वहीं छोटे लोहिया के नाम से प्रसिद्ध जनेश्वर मिश्र भी प्रतिष्ठान पर पहुंचकर इसकी मिठास का आनंद ले चुके हैं।विश्वास यादव के मुताबिक, दीपावली के लिए प्रतिष्ठान पर ग्राहकों की मांग को देखते हुए विशेष तैयारियां की गई हैं। शुद्ध देसी घी से निर्मित मिठाइयों को प्राथमिकता दी जा रही है। सोनपपड़ी के साथ अन्य पारंपरिक मिठाइयां भी ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रतिष्ठान में स्वाद, गुणवत्ता और शुद्धता बनाए रखने का विशेष ध्यान रखा जाता है। दीपावली पर मिठाइयों की खरीदारी केवल परंपरा नहीं, बल्कि अपनों के प्रति स्नेह और अपनत्व जताने का भी माध्यम है।
दीपावली पर बल्देव प्रसाद मिष्ठान भंडार की सोनपपड़ी बनी आकर्षण का केंद्र, नौ दशक से कायम है स्वाद की विरासत-नरेश चंद्र यादव

