Headlines

सेवा न्यास अम्बाह में करेगा 500+ प्रतिभाओं का बहुमान “चयनित प्रतिभाओं की उपलब्धि पर पदक, लैपटॉप एवं अन्य उपहार

मुरैना (मनोज जैन नायक)। जैसवाल जैन समाज की प्रतिभाओं के सम्मान और प्रोत्साहन का महाकुंभ 27 दिसंबर को मुरैना जिले की अम्बाह तहसील में आयोजित होने जा रहा है। श्री अखिल भारतीय दिगम्बर जैसवाल जैन उपरोचियां सेवा न्यास परिवार द्वारा आयोजित इस भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह में देशभर से चयनित 500 से अधिक सजातीय प्रतिभाओं का बहुमान किया जाएगा।
सेवा न्यास के प्रशासनिक महामंत्री रूपेश जैन उत्तमनगर, दिल्ली द्वारा जारी सूचना के अनुसार सेवा न्यास परिवार के अध्यक्ष प्रदीप जैन पीएनसी, आगरा, कार्याध्यक्ष सीए कमलेश जैन, गुरुग्राम, महामंत्री रविन्द्र जैन जमूसर भोपाल एवं कोषाध्यक्ष सीए शैलेन्द्र जैन दिल्ली के मार्गदर्शन में समारोह की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। प्रतिभा सम्मान समारोह के राष्ट्रीय संयोजक सुदीप जैन ग्रीन पार्क, सुरेशचंद जैन ग्रीन पार्क एवं मनोज जैन कोटा अपनी टीम के साथ आयोजन को भव्य स्वरूप देने में जुटे हुए हैं।
आयोजकों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार चयन प्रक्रिया के पश्चात देशभर से चयनित 500 से अधिक प्रतिभाशाली बच्चों का समारोह में सम्मान किया जाएगा। चयनित सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाओं को उनकी उपलब्धि के अनुसार पदक, लैपटॉप एवं अन्य उपहारों से सम्मानित किया जाएगा। अन्य चयनित प्रतिभाओं को स्वर्ण एवं रजत पदक के साथ स्मृति चिन्ह, बैग, पेन, डायरी, बहुरंगी परिचय स्मारिका, छल्ला, कैलेंडर सहित विभिन्न उपहार प्रदान किए जाएंगे।
इन उपलब्धियों पर होगा सम्मान
प्रतिभा सम्मान के लिए कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले, किसी भी प्रांत की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले, इस वर्ष सीए, सीएस अथवा आईसीडब्ल्यूए बनने वाले, आईआईटी, क्लैट, आईआईएम, जीमैट अथवा मेडिकल प्रवेश परीक्षा के माध्यम से प्रवेश प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। इसके अलावा किसी भी स्नातक अथवा स्नातकोत्तर डिग्री में विशेष योग्यता प्राप्त करने वाले, राष्ट्रीय एवं प्रादेशिक स्तर की प्रशासनिक अथवा शासकीय सेवाओं में चयनित होने वाले तथा मेडिकल कॉलेज में पीजी में चयन पाने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया जाएगा। खेल, शिक्षा तथा अन्य क्षेत्रों में राष्ट्रीय एवं प्रादेशिक स्तर पर उपलब्धि या पुरस्कार प्राप्त करने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मान समारोह में बहुमानित किया जाएगा।
प्रतिभाओं और अभिभावकों के लिए विशेष व्यवस्था
समारोह के लिए चयनित प्रतिभाओं एवं उनके साथ आने वाले एक अभिभावक को सेवा न्यास द्वारा रेलवे शयनयान श्रेणी का यात्रा व्यय प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही आवास एवं भोजन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं स्थानीय आयोजन समिति द्वारा की जाएंगी।
सेवा न्यास के मीडिया प्रभारी मनोज जैन नायक ने बताया कि इस वर्ष प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन रविवार 27 दिसंबर को अम्बाह में किया जा रहा है। समारोह में राज्यसभा सांसद नवीन जैन सहित देशभर से छात्र-छात्राएं, अभिभावक, समस्त न्यासीगण, उद्योगपति, चिकित्सक, सीए, अधिवक्ता, पत्रकार, बुद्धिजीवी तथा बड़ी संख्या में श्रावक श्रेष्ठी एवं साधर्मी बंधुओं के शामिल होने की संभावना है।
सेवा न्यास परिवार एवं प्रतिभा सम्मान टीम ने सभी न्यासियों, चयनित छात्र-छात्राओं, अभिभावकों तथा समस्त सजातीय बंधुओं से समारोह में सहभागिता कर प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

Please follow and like us:
Pin Share