इटावा। शहर के रामलीला रोड स्थित बीआर आयल्स से लिए गए राइस ब्रान ऑयल के नमूने की जांच रिपोर्ट में तेल असुरक्षित पाया गया है। जांच में तेल की एसिड वैल्यू निर्धारित मानक से छह गुना से भी अधिक मिली। इसके अलावा तेल के खराब होने से संबंधित जांच भी मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई।
खाद्य सहायक आयुक्त राजेश द्विवेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि मई माह में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम रामलीला रोड स्थित प्रतिष्ठान पर नमूना लेने पहुंची थी। विभाग के अनुसार, कारोबारी ने टीम को नमूना लेने से रोकने का प्रयास किया और अधिकारियों के साथ अभद्रता की। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों के साथ खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दोबारा उसी दिन प्रतिष्ठान पर कार्रवाई की।दूसरी कार्रवाई के दौरान प्रतिष्ठान से करीब 2500 लीटर राइस ब्रान ऑयल बरामद हुआ, जिसे विभाग ने सीज कर दिया। तेल का नमूना जांच के लिए खाद्य जांच प्रयोगशाला भेजा गया था। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद नमूना असुरक्षित पाए जाने की पुष्टि हुई।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कारोबारी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 की धारा 61 के तहत मुकदमे की कार्रवाई की है। साथ ही प्रतिष्ठान का नया लाइसेंस निरस्त कराने के लिए केंद्रीय लाइसेंस अधिकारी को पत्र भेजा गया है। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में विभाग की ओर से खाद्य सुरक्षा अधिकारी रविभान सिंह और राघवेंद्र प्रताप वर्मा की ड्यूटी लगाई गई है।
राइस ब्रान ऑयल का नमूना जांच में असुरक्षित, एसिड वैल्यू मानक से छह गुना अधिक

