Headlines

गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व श्रद्धा और उल्लास से मना, फूलों की वर्षा और आतिशबाजी ने मोहा मन

इटावा। सर्वधर्म सद्भाव और मानवता के अग्रदूत श्री गुरु नानक देव जी का पावन प्रकाश पर्व मंगलवार को गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब में श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में शबद-कीर्तन, गुरु वाणी, पुष्प वर्षा, भव्य आरती और आतिशबाजी के बीच संगत ने गुरु महाराज के समक्ष मत्था टेककर आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम में सभी समुदायों के लोगों की सहभागिता ने सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश दिया।प्रकाश पर्व पर जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला गुरुद्वारा साहिब पहुंचे और गुरुग्रंथ साहिब के समक्ष नतमस्तक होकर जनपद की सुख-समृद्धि की कामना की। गुरुद्वारा कमेटी के अध्यक्ष सरदार तरनपाल सिंह कालरा ने कमेटी की ओर से डीएम को सिरोपा, शॉल और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने समाज को समानता, प्रेम और आपसी भाईचारे का कालजयी संदेश दिया। उन्होंने जाति, धर्म, लिंग और वर्ग के भेदभाव से ऊपर उठकर निस्वार्थ सेवा तथा जरूरतमंदों की सहायता करने की प्रेरणा दी। गुरु नानक देव जी ने बाहरी आडंबरों के बजाय सत्य, प्रेम और सद्कर्मों को सच्चा धर्म बताया।गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं मानवता के लिए प्रकाश पुंजगुरुद्वारा कमेटी के अध्यक्ष सरदार तरनपाल सिंह कालरा ने संगत को संबोधित करते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर उच्चारित पंक्तियां ‘सतगुरु नानक प्रगटया मिटी धुंध जग चानन होआ’ उनके महान संदेश को दर्शाती हैं। गुरु नानक देव जी के अवतरण से समाज में फैली अज्ञानता और भेदभाव की धुंध दूर हुई तथा ज्ञान, प्रेम और मानवता का प्रकाश फैला। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी किसी एक समुदाय के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के पथप्रदर्शक हैं। उनका संदेश ‘किरत करो, नाम जपो और वंड छको’ आज भी पूरी दुनिया को ईमानदारी, प्रभु स्मरण और मिल-बांटकर खाने की सीख देता है। समाज में समानता, सेवा और भाईचारे के सिद्धांत ही विश्व शांति का आधार हैं।15 दिनों तक चला प्रभात फेरियों और शबद-कीर्तन का सिलसिलाप्रकाश पर्व को लेकर पिछले 15 दिनों से नगर में भक्तिमय वातावरण बना हुआ था। प्रतिदिन सुबह प्रभात फेरियां निकाली गईं और शबद-कीर्तन से नगर की गलियां गूंजती रहीं। गुरुद्वारा साहिब में आयोजित 16 श्री अखंड पाठ साहिब की श्रृंखला का समापन प्रकाश पर्व पर हुआ। सुबह से ही श्रद्धालुओं, महिलाओं और बच्चों की भीड़ गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेकने पहुंचती रही।गुरबाणी शबद गायन और फूलों की सजावट रही आकर्षण
समारोह में जगजोत, अंतरप्रीत, परविंदर कौर, प्रिंसी कौर, जपजी कौर, सिमरन कौर और दिलप्रीत कौर के समूह ने मधुर गुरबाणी शबद प्रस्तुत कर संगत को भावविभोर कर दिया। मुख्य ग्रंथी भाई अमरजीत सिंह और किशन सिंह ने कीर्तन किया तथा विद्वानों ने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं पर प्रकाश डाला।गुरुद्वारा साहिब को रंग-बिरंगी विद्युत झालरों और सुगंधित फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। रौनक कालड़ा, मन्नत टुटेजा, समरथ छाबड़ा, एकश कालड़ा, सिदक टुटेजा, सिमर टुटेजा, सतनाम अरोड़ा, कुशलप्रीत अरोड़ा, प्रदीप सलूजा, संजू अरोड़ा, साहिब अरोड़ा, राजू गुलाटी, दीपू अरोड़ा, गौरिश लूथरा, मिंटू, अंतरप्रीत सिंह और सिमर ने सजावट में सहयोग किया। दोपहर में दीवान की समाप्ति के बाद विशाल गुरु का लंगर आयोजित हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया।रात्रि दीवान में पुष्प वर्षा के बीच भव्य आरती हुई। अखंड पाठ साहिब की सेवा कराने वाले परिवारों, सजावट में सहयोग करने वाले युवाओं और शबद गायन करने वाले बच्चों को सिरोपा भेंटकर सम्मानित किया गया। अंत में अध्यक्ष तरनपाल सिंह कालरा सहित मनदीप सिंह कालड़ा, चरनजीत सिंह (काका), दलजीत सिंह पनेसर, राजा साहनी, त्रिलोचन सिंह मोंगा, जसवीर सिंह पप्पी और साहिब सिंह ने समस्त साध संगत, स्त्री सत्संग, प्रभात फेरी एवं अखंड पाठ साहिब के सेवादार परिवारों का आभार व्यक्त किया और सभी को गुरुपर्व की शुभकामनाएं दीं।

Please follow and like us:
Pin Share