इटावा। ईमानदारी और तत्परता का परिचय देते हुए थाना फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस ने ई-रिक्शा में छूटे महिला के ट्रॉली बैग को सकुशल बरामद कर उन्हें वापस सौंप दिया। बैग में सोने-चांदी के आभूषण, 4,500 रुपये नकद और अन्य घरेलू सामान रखा हुआ था।
जानकारी के अनुसार, भूपस्टेट कॉलोनी निवासी श्रीमती रचना पत्नी गजेंद्र शाक्य 15 नवंबर को रेलवे स्टेशन से ई-रिक्शा द्वारा अपने घर जा रही थीं। इसी दौरान उनका ट्रॉली बैग ई-रिक्शा में ही छूट गया। काफी तलाश के बाद भी बैग नहीं मिलने पर उन्होंने थाना फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस को सूचना दी।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में पुलिस टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बैग की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद 24 नवंबर को पुलिस ने ट्रॉली बैग मय सामान सकुशल बरामद कर महिला को उनके परिजनों की मौजूदगी में सुपुर्द कर दिया।
बरामद सामान में दो सोने की अंगूठियां, एक चांदी की कमरधनी, एक सोने का ओम, 4,500 रुपये नकद और अन्य घरेलू सामान शामिल है। खोया हुआ सामान वापस पाकर महिला और उनके परिजनों ने पुलिस का आभार जताया।इस कार्यवाही में थानाध्यक्ष गौरव कुमार, उपनिरीक्षक दयाशंकर वर्मा, कांस्टेबल विनीत कुमार और अमित कुमार शामिल रहे।
ई-रिक्शा में छूटा महिला का ट्रॉली बैग पुलिस ने खोजकर लौटाया, लाखों के जेवर और नकदी सुरक्षित

