Headlines

क्या खो दिया जैन समाज ने…? अक्षय थे, अक्षय हैं और अक्षय रहेंगे, विहार के पथ पर हुआ पूज्य मुनि श्री 108 अक्षय सागर जी महाराज का समाधिमरण

इंदौर-जैन समाज ने एक महान संत को खो दिया है, एक तपस्वी को खो दिया है, एक ऐसे कर्मयोगी को खो दिया है जिसने अपने जीवन का प्रत्येक क्षण जिनशासन की प्रभावना, समाज के उत्थान और राष्ट्र की चेतना के लिए समर्पित कर दिया था। पूज्य मुनि श्री 108 अक्षय सागर जी महाराज का व्यक्तित्व केवल साधना और वैराग्य तक सीमित नहीं था, बल्कि वह समर्पण, साहस, संगठन, सामाजिक चेतना और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत संगम था। युग शिरोमणि समाधिसम्राट आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज एवं विद्या शिरोमणि आचार्य श्री समय सागर जी महाराज के प्रति उनकी अगाध श्रद्धा, अटूट निष्ठा और पूर्ण समर्पण उनके जीवन की सबसे बड़ी पहचान थी। धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज से क्षुल्लक दीक्षा, ऐलक दीक्षा और अंततः मुनि दीक्षा प्राप्त कर उन्होंने संयम के मार्ग पर अपने जीवन को समर्पित किया। वर्ष 1987 में ब्रह्मचर्य व्रत, 16 मई 1991 को क्षुल्लक दीक्षा, 25 जुलाई 1991 को ऐलक दीक्षा और 11 फरवरी 1998 को मुनि दीक्षा प्राप्त हुई, यह केवल तिथियां नहीं हैं बल्कि एक आत्मा के क्रमशः संसार से ऊपर उठते जाने की साधना यात्रा है। उन्हें दक्षिण भारत का सूर्य कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी, मिथ्यात्व के भंजक, कुरीतियों के उन्मूलक और समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए सतत प्रयत्नशील रहने वाले इस संत ने लगभग 17 वर्षों तक महाराष्ट्र और कर्नाटक के छोटे-छोटे गांवों में जिनधर्म की प्रभावना की। कासार जाति एवं सराक समाज के उत्थान के लिए उन्होंने जो कार्य किए, वे उनके सामाजिक सरोकारों और दूरदृष्टि के प्रमाण हैं, जहां समाज की पहुंच नहीं थी वहां वे पहुंचे, जहां धर्म की चेतना सुप्त थी वहां उन्होंने चेतना जगाई, जहां समाज बिखरा हुआ था वहां उन्होंने एकता के सूत्र पिरोए। उन्होंने केवल प्रवचन नहीं दिए बल्कि समाज को खड़ा किया, केवल धर्म का संदेश नहीं दिया बल्कि धर्म को जन-जन के जीवन से जोड़ने का प्रयास किया। उनके व्यक्तित्व का एक अत्यंत प्रेरणादायी पक्ष उनकी राष्ट्रभक्ति थी, प्रत्येक वर्ष 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सैनिकों के सम्मान में विशेष आयोजन करना उनकी परंपरा का हिस्सा था, वे समझते थे कि जो सैनिक अपनी मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर देते हैं, उनका सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। मुंबई में बूचड़खाना बंद करवाने के लिए किए गए उनके प्रयास उनके निर्भीक व्यक्तित्व और जीवदया के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं, उनके लिए धर्म केवल मंदिरों तक सीमित नहीं था, धर्म का अर्थ था जीवों के प्रति करुणा, समाज के प्रति उत्तरदायित्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण। लगभग 17 वर्षों तक दक्षिण भारत में धर्मप्रभावना करने के पश्चात वर्ष 2021 में उनका आगमन गुरु दर्शनार्थ नेमावर में हुआ, इसके पश्चात बरेली, मुंबई, मड़ावरा और सीहोर जैसे स्थानों पर उनके चातुर्मास हुए। उनकी प्रभावना का विस्तार अब दक्षिण भारत की सीमाओं को पार कर समूचे उत्तर भारत तक पहुंचने लगा था, इस वर्ष भी गुरु आज्ञा से महाराष्ट्र के शिरड शाहपुर में उनका चातुर्मास विशेष धर्मप्रभावना एवं सामाजिक कार्यों के उद्देश्य से संपन्न हुआ। अभी तो उनकी प्रभावना के नए अध्याय लिखे जाने थे, अभी तो उनके अनुभवों का लाभ समाज को मिलना था, अभी तो उनके संकल्पों को नई ऊंचाइयां मिलनी थीं, लेकिन नियति को शायद कुछ और ही स्वीकार था। चातुर्मास के पश्चात जैसे ही उन्होंने विहार प्रारंभ किया, उसी यात्रा में उनका समाधिमरण हो गया, जिस संत ने जीवनभर चलते हुए धर्म की अलख जगाई, गांव-गांव जाकर समाज को जागृत किया, जिनशासन एवं नमोस्तु शासन जयवंत हो की पताका फहराई, आज उनकी जीवनयात्रा का विराम भी विहार के पथ पर हुआ। यह समाचार सुनकर मन स्तब्ध है, दक्षिण भारत से लेकर उत्तर भारत तक असंख्य श्रावकों की आंखें नम हैं, वरिष्ठ समाजसेवी डॉ जैनेन्द्र जैन ने कहा कि समाज के लिए यह केवल एक संत का बिछोह नहीं बल्कि एक सक्रिय युगपुरुष के अवसान का क्षण है। हमने एक ऐसा संत खो दिया जो समाज की पीड़ा को अपनी पीड़ा समझता था, एक ऐसा मार्गदर्शक खो दिया जो छोटे-छोटे गांवों में धर्म की अलख जगाने निकल पड़ता था, एक ऐसा तपस्वी खो दिया जिसके लिए गुरु आज्ञा सर्वोपरि थी, एक ऐसा समाजसेवी संत खो दिया जो कुरीतियों के विरुद्ध खड़ा होने का साहस रखता था और एक ऐसा राष्ट्रभक्त खो दिया जिसके हृदय में साधना के साथ सैनिकों के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति अगाध अनुराग था। पूज्य मुनि श्री का असमय जाना केवल दक्षिण भारत ही नहीं बल्कि संपूर्ण भारतवर्ष के जैन समाज को भीतर तक झकझोर गया है, लेकिन संत शरीर से विदा होते हैं अपने विचारों से नहीं, उनकी देह का अवसान होता है उनके आदर्शों का नहीं, उनकी सांसें थम जाती हैं लेकिन उनके द्वारा जगाई गई चेतना पीढ़ियों तक चलती रहती है। उन्होंने जिन गांवों में धर्म की ज्योति जलाई वहां वह प्रकाश बना रहेगा, जिन समाजों को उन्होंने संगठित किया वहां उनके प्रयासों की स्मृतियां जीवित रहेंगी, जिन हृदयों में उन्होंने गुरु भक्ति और जिनशासन के प्रति समर्पण जगाया वहां उनका व्यक्तित्व सदैव विद्यमान रहेगा। आज सम्पूर्ण भारत वर्षीय जैन समाज श्रद्धा से नतमस्तक हैं हम उस महान साधक के चरणों में, अक्षय थे, अक्षय हैं, अक्षय रहेंगे, विनम्र श्रद्धांजलि, सादर नमन।

Please follow and like us:
Pin Share