Headlines

भक्ति के साथ इंद्रों-इंद्राणियो ने मिलकर 1024 महाअर्घ्य किये समर्पित

ग्वालियर : सिद्धों की आराधना से सभी प्रकार के कष्टों से मुक्ति मिलती है और पापों का क्षय होता है । श्रद्धा पूर्वक की गई सिद्ध परमेष्ठि की पूजन अशुभ कर्मों का क्षय करती है। सर्वप्रथम सती मैना सुंदरी ने सिद्धचक्र विधान किया था। उक्त विधान के पुण्य से सती मैना सुंदरी के पति राजा श्रीपाल एवम उसके साथियों का कुष्ठ रोग दूर हुआ था। तभी से सिद्धचक्र विधान की महिमा प्रचलित है। सिद्धचक्र विधान के फल से बड़े से बड़े विघ्नो का निवारण हुआ उक्त उदगार सिद्धचक्र महामंडल विधान में विधानाचार्य पंडित विजय जैन आगरा ने व्यक्त किये।

उपनगर लोहामंडी स्थित दिगंबर जैन लाला गोकुलचंद जैसवाल मंदिर कमेंटी तत्वाधान में सिद्धों की आराधना करने के लिए श्री 1008 सिद्धचक्र महामंडल विधान महोत्सव एवं विश्व शान्ति महायज्ञ व रथयात्रा महोत्सव 16 से 24 नवंवर तक आयोजित किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत सोमवार को सिद्धचक्र महामंडल विधान महोत्सव के विधानचार्य पंडित विजय जैन के मंत्र उच्चरण के साथ सौधर्म इंद्र अनुराग जैन द्वारा भगवान की शांतिधारा कराई गयी। अभिषेक के उपरांत भगवान की महाआरती महिलाओ ने की। अष्टानिका पर्व के अंतर्गत अष्ट दिवसीय सिद्धचक्र महामंडल विधान महोत्सव के सातवें दिन सोमवार को भक्तिभाव से विधान का पूजन हुआ।

भक्ति के साथ इंद्रों-इंद्राणियो ने मिलकर 1024 महाअर्घ्य किये समर्पित

सिद्ध चक्र महामंडल विधान में सौधर्म इंद्र अनुराग श्वेता जैन, कुबेर इन्द्र राजकुमार उषा जैन, यज्ञ नायक राजेन्द्र प्रसाद जैन इंद्र सुभाषचंद सुनीता जैन के साथ इंद्र-इंद्राणियो ने पीले वस्त्र धारण कर सिर पर मुकुट और गले में माला पहनकर शुभम जैन सैमी के भजनों के साथ भक्ति भाव के साथ पूजा अर्चना कर सिद्धप्रभू की आराधना करते हुए 1024 महाअर्घ्य भगवान जिनेंद्र को समर्पित किए। वहीं कुबेर इंद्र ने भक्ति करते हुये रत्नों की वर्षा की। विधान में बैठी महिलाओं ने शुभम जैन सैमी के भजनों पर भगवान की भक्ति की। पूजन की समाप्ति पर हवन में आहुति दी गयीं एवं श्रीपाल ज्ञानचंद जैन मैना सुंदरी विमला जैन ने सभी को अभिषेक दिया वहीं रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत दिल्ली से आये मयूर जैन ने राजा श्रेणिक और रानी चेलना पर नाटक प्रस्तुंत किया।

लाला गोकुलचंद जैन मंदिर लोहा मंडी ग्वालियर कमेटी के अध्यक्ष पवन जैन और महामंत्री देवेन्द्र जैन ने बताया कि सिद्ध चक्र महामंडल विधान का समापन 24 नवंबर को श्रीजी की रथयात्रा के साथ होगा।

Please follow and like us:
Pin Share