Headlines

वीआईपी के लिए नो-एंट्री खुली, आम आदमी के लिए बंद-कांग्रेंस

इटावा। इटावा महोत्सव के चलते शहर में लग रहे भीषण जाम को लेकर कांग्रेस ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस का आरोप है कि नुमाइश की व्यवस्थाओं के नाम पर आम जनता को घंटों जाम में फंसना पड़ रहा है, जबकि वीआईपी और प्रभावशाली लोगों के वाहनों को नो-एंट्री में भी बेरोकटोक प्रवेश दिया जा रहा है। इस भेदभावपूर्ण व्यवस्था के विरोध में पूर्व शहर अध्यक्ष पल्लव दुबे के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने जिलाधिकारी को सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर यातायात व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।ज्ञापन में कहा गया कि प्रदर्शनी स्थल के आसपास के प्रमुख मार्गों, चौराहों और बाजारों में सुबह से रात तक जाम की स्थिति बनी हुई है। आम नागरिक, महिलाएं, बुजुर्ग और दिव्यांग घंटों परेशान हो रहे हैं। सबसे गंभीर स्थिति एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की है, जिन्हें जाम के कारण समय पर रास्ता नहीं मिल पा रहा है। कांग्रेस ने सवाल उठाया कि यदि जाम में फंसने से किसी मरीज की जान जाती है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?कांग्रेस नेताओं ने कहा कि स्कूली बच्चे सुबह सात बजे से ही जाम में फंसकर स्कूल पहुंचने में देरी का सामना कर रहे हैं। परीक्षा के दिनों में यह समस्या बच्चों की पढ़ाई को भी प्रभावित कर रही है। दूसरी ओर अतिक्रमण, अवैध पार्किंग, ई-रिक्शा और ऑटो के अव्यवस्थित संचालन से यातायात व्यवस्था और बिगड़ रही है। बाजारों तक ग्राहकों की पहुंच नहीं होने से व्यापारियों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ज्ञापन में मांग की गई कि शहर के लिए स्थायी ट्रैफिक रोडमैप और डायवर्जन प्लान जारी किया जाए तथा इसकी जानकारी लाउडस्पीकर, समाचार पत्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से आमजन तक पहुंचाई जाए। नो-एंट्री का नियम सभी के लिए समान रूप से लागू हो और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्यवाही की जाए। एंबुलेंस एवं फायर ब्रिगेड के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया जाए। स्कूल समय सुबह सात से नौ बजे और दोपहर 12 से तीन बजे तक अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए तथा स्कूली बसों के लिए अलग मार्ग निर्धारित हो।
इसके अलावा अतिक्रमण हटाने, शहर के बाहर स्थायी पार्किंग की व्यवस्था करने, मुख्य सड़कों पर वाहनों की पार्किंग रोकने और ई-रिक्शा व ऑटो के लिए निर्धारित स्टैंड बनाने की मांग की गई। कांग्रेस ने तीन दिन के भीतर यातायात व्यवस्था की समीक्षा कर कार्रवाई रिपोर्ट सार्वजनिक करने की भी मांग रखी।
पूर्व शहर अध्यक्ष पल्लव दुबे ने कहा कि कांग्रेस नुमाइश के खिलाफ नहीं, बल्कि प्रशासन की नाकामी के खिलाफ आवाज उठा रही है। नुमाइश के नाम पर पूरे शहर को बंधक नहीं बनाया जा सकता। वीआईपी वाहनों के लिए नो-एंट्री खुल जाती है, जबकि एंबुलेंस को रास्ता नहीं मिल पाता। यह व्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तीन दिन में यातायात व्यवस्था में सुधार, ट्रैफिक रोडमैप और ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था नहीं की गई तो कांग्रेस जनता के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता प्रेरणा जुबैरी ‘प्रीत’ जिला महासचिव अमित त्रिपाठी अम्बुज, अनूप परमार, करण सिंह राजपूत, शहर महासचिव अवनीश वर्मा, जिला सचिव दीक्षा शुक्ला, विधि प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष मोहित प्रताप, शिवा ठाकुर, रोहन सिंह, पदम दुबे, मनीष मिश्रा, रोहित भदौरिया, आयुष दुबे सहित तमाम कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Please follow and like us:
Pin Share