Headlines

ब्लैकआउट मॉक ड्रिल में परखी गई आपातकालीन तैयारियां, विभागों ने किया राहत-बचाव का अभ्यास

इटावा। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में रविवार को थाना बकेवर क्षेत्र के बकेवर मुख्य चौराहे पर ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इसमें पुलिस, प्रशासन, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग, एम्बुलेंस सेवा, नागरिक सुरक्षा, एनसीसी कैडेट्स एवं पुलिस डिजिटल वॉलेंटियर्स ने प्रतिभाग कर आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षा, राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया।
मॉक ड्रिल के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर अवनीश कुमार सिंह मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने विभिन्न गतिविधियों का जायजा लिया और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
अभ्यास के दौरान आग लगने की स्थिति में अग्निशमन दल द्वारा आग बुझाने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने, एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाने तथा राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया गया। पुलिस एवं यातायात पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभाली, जबकि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घायलों को चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने का अभ्यास किया। नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों, एनसीसी कैडेट्स और डिजिटल वॉलेंटियर्स ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।इस मॉक ड्रिल के माध्यम से विभिन्न विभागों की तत्परता, कार्यक्षमता और आपसी समन्वय को परखा गया। इसका उद्देश्य किसी वास्तविक आपदा या आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई करते हुए जनहानि को न्यूनतम करना और प्रभावी राहत एवं बचाव व्यवस्था सुनिश्चित करना रहा। पुलिस एवं जिला प्रशासन द्वारा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने और जनसुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए संयुक्त रूप से प्रयास किए जा रहे हैं।

Please follow and like us:
Pin Share