इटावा। जसवंतनगर क्षेत्र में शनिवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने राजमार्ग, कस्बे और आसपास के इलाकों में संचालित होटल एवं ढाबों पर औचक छापेमारी कर निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई, पानी की गुणवत्ता, कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र और खाद्य पदार्थों के रखरखाव की व्यवस्था में कई खामियां सामने आईं।खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सागर ग्रांड होटल, लक्ष्मी होटल, सतनाम होटल, एसबी होटल, साई पुरविया होटल, ओम साई होटल, अपना ढाबा, विराट होटल, अशोका होटल, बृज मिष्ठान होटल एंड रेस्टोरेंट, लक्ष्मी ढाबा तथा कृष्णा ढाबा सहित कुल 12 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान कृष्णा ढाबा में खाद्य कारोबार से संबंधित लाइसेंस अथवा पंजीकरण उपलब्ध नहीं मिला। वहीं लक्ष्मी ढाबा और सागर ग्रांड होटल में भी खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं नहीं पाई गईं। टीम ने संबंधित प्रतिष्ठानों में पाई गई कमियों को गंभीरता से लेते हुए संचालकों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।खाद्य सुरक्षा अधिकारी रवि भान सिंह ने सभी संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को तीन दिन के भीतर में कमियां दूर करने की चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय में सुधार नहीं किए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत नियमानुसार कानूनी कार्यवाही की जाएगी।खाद्य विभाग की इस कार्यवाही से होटल और ढाबा संचालकों में हलचल रही। अब देखना होगा कि निरीक्षण के बाद प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों का कितना पालन सुनिश्चित हो पाता है
जसवंतनगर में होटल-ढाबों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, कई जगह मिलीं खामियां

