Headlines

जलालपुर मंदिर में पीत परिधानों में झलकी भक्ति की छटा महिला मंडल के नृत्य ने मोहा मन

जलालपुर। प्राचीन तीर्थ क्षेत्र श्री 1008 भगवान आदिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर जलालपुर में चल रहे श्री सिद्धचक्र महामण्डल विधान एवं विश्वशान्ति महायज्ञ के छठे दिन भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में पीत परिधानों में सजी महिला मंडल की सदस्याओं ने भक्ति गीतों पर मनमोहक सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। महिलाओं की एकरूप वेशभूषा और भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुति से मंदिर परिसर भक्तिरस से सराबोर हो उठा।भक्ति गीतों की मधुर धुनों पर महिला मंडल की सदस्याओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ नृत्य प्रस्तुत किया। पीत वस्त्रों में सजी महिलाओं की सामूहिक प्रस्तुति कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही। श्रद्धालुओं ने तालियों के साथ महिला मंडल का उत्साहवर्धन किया।इसके बाद विधान में श्रद्धालुओं ने विधि विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ पूर्ण अर्घ समर्पित कर भगवान आदिनाथ की आराधना की। जैन नगर खेड़ा न्यू तिलक नगर एवं चौकी गेट से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आयोजन में उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना में सहभागिता करते हुए विश्वशांति सुख समृद्धि एवं सर्वमंगल की कामना की।विधानाचार्य रमेश चंद्र जैन भगत जी के निर्देशन में धार्मिक क्रियाएं संपन्न हुईं। सह विधानाचार्य प्रफुल्लित जैन ने विधान में सहयोग किया। वहीं संगीतकार अल्पेश जैन ने भक्ति संगीत की मधुर प्रस्तुतियों से पूरे वातावरण को भक्तिरस से भर दिया।कार्यक्रम में अशोक जैन विनोद जैन मनीष जैन न्यू तिलक नगर आयुष जैन JYC मनोज जैन अभिषेक जैन विकास जैन एवं विक्रम जैन सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।महिला मंडल की मनमोहक नृत्य प्रस्तुति मंत्रोच्चार पूजा अर्चना एवं भक्ति संगीत से मंदिर परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा। छठे दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने विधान में सम्मिलित होकर धर्मलाभ एवं पुण्यार्जन प्राप्त किया।आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए आगामी धार्मिक कार्यक्रमों में भी अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर धर्मलाभ लेने का आह्वान किया।

Please follow and like us:
Pin Share