Headlines

डिजिटल आतिशबाजी की रोशनी में जगमगाया महोत्सव, भव्य समारोह के साथ हुआ शुभारंभ

इटावा। जनपद के ऐतिहासिक इटावा महोत्सव का रविवार को भव्य एवं रंगारंग आगाज हुआ। महोत्सव के शुभारंभ से पूर्व विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने फीता काटकर महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया।उद्घाटन समारोह में उप जिलाधिकारी सदर एवं प्रदर्शनी इटावा के जनरल सेक्रेटरी मनोज कुमार पाठक (पीसीएस), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) मनोज प्रकाश (पीसीएस) तथा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बिपिन कुमार (पीसीएस) सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
महोत्सव के शुभारंभ के साथ ही पूरा परिसर उत्सव के रंग में सराबोर नजर आया। आकर्षक सजावट और रंग-बिरंगी रोशनी से सजे परिसर ने लोगों का मन मोह लिया। समारोह में डिजिटल आतिशबाजी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। डिजिटल माध्यम से आसमान और परिसर में बिखरे रंगों एवं रोशनी की मनमोहक छटा देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे। डिजिटल आतिशबाजी ने उद्घाटन समारोह की भव्यता में चार चांद लगा दिए। महोत्सव जनपद की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक विरासत का प्रतीक है। प्रत्येक वर्ष आयोजित होने वाले इस महोत्सव का स्थानीय लोगों को बेसब्री से इंतजार रहता है। महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों, मनोरंजन के साधनों और विभिन्न आकर्षणों के माध्यम से शहरवासियों एवं दूर-दराज से आने वाले लोगों को उत्सव का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।
भव्य शुभारंभ के साथ ही इटावा महोत्सव की रौनक शुरू हो गई। पूरे परिसर में उत्साह, उमंग और उल्लास का माहौल देखने को मिला।

Please follow and like us:
Pin Share