इटावा। जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को सुरक्षित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई।जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव की संयुक्त अध्यक्षता में हुई बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने और दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार प्रभावी कार्यवाही की जाए। वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग सुनिश्चित कराने के साथ निर्धारित गति सीमा का पालन, गलत दिशा में वाहन न चलाने, नशे की हालत में ड्राइविंग नहीं करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने के प्रति लोगों को जागरूक किया जाए।डीएम और एसएसपी ने दुर्घटना संभावित स्थलों एवं ब्लैक स्पॉट का चिन्हांकन कर वहां आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही कराने पर विशेष जोर दिया। संबंधित विभागों को सड़क संकेतक, रिफ्लेक्टर, प्रकाश व्यवस्था और गति नियंत्रण के आवश्यक उपायों की समीक्षा कर सुरक्षा इंतजाम दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।एसएसपी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। इसके लिए विद्यालयों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विशेषकर युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों को अपनी दिनचर्या में शामिल करने और स्वयं के साथ दूसरे सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर बबीता सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात रामगोपाल शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
सड़क सुरक्षा को लेकर डीएम और एसएसपी सख्त, ब्लैक स्पॉट पर होंगे सुरक्षा के इंतजाम

