Headlines

दशलक्षण महापर्व : प्रथम दिन मनाया गया उत्तम क्षमा धर्म, श्रद्धालुओं ने किया अभिषेक

ग्वालियर, 16 सितंबर। दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र गोपाचल पर्वत पर दशलक्षण महापर्व का शुभारंभ धार्मिक उत्साह एवं भक्तिभाव के साथ हुआ। इस वर्ष महापर्व के आयोजन के लिए नई व्यवस्था के साथ विशेष पांडाल तैयार किया गया है। श्रद्धालुओं को पूजन सामग्री, अभिषेक एवं अन्य धार्मिक क्रियाएं सुगमता से संपन्न कराने के लिए परिसर में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
दशलक्षण महापर्व के प्रथम दिन उत्तम क्षमा धर्म के अवसर पर सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु गोपाचल पर्वत पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं ने क्षेत्र की विभिन्न वेदियों पर भगवान का अभिषेक एवं पूजन किया। इसके बाद मुख्य पांडाल में सामूहिक अभिषेक एवं संगीतमय विधान पूजा की धार्मिक क्रियाएं पंडित पवन शास्त्री के निर्देशन में संपन्न हुईं। जिनेंद्र भगवान की भक्ति में भगवान पारसनाथ स्वामी के जयकारों से गोपाचल का परिसर गूँज उठा!
इस अवसर पर पंडित कमलेश जैन शास्त्री ने उत्तम क्षमा धर्म की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि क्रोध का त्याग कर क्षमा की भावना को जीवन में अपनाना ही सच्चे धर्म की ओर बढ़ने का मार्ग है। क्षमा मनुष्य के जीवन में शांति, संयम और आत्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त करती है।
अभिषेक एवं पूजन के उपरांत दशलक्षण विधान का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भक्तिभावपूर्वक सहभागिता की। पूरे परिसर में धार्मिक मंत्रोच्चार एवं भक्ति का वातावरण बना रहा। पूजन के आरंभ में सौभाग्यवती महिलाओं ने सामूहिक रूप से मंगल कलश की स्थापना की!
कार्यक्रम में न्यास के मंत्री अजीत वरैया, कोषाध्यक्ष अनिल शाह,
मुकेश जैन,एडवोकेट शीतल कुमार जैन, अनुपम चौधरी जैन, अजीत जैन गोपाचल, आशीष जैन, अमित भंडारी, रूपेश जैन, अक्षय दानी, प्रवक्ता ललित जैन भारती, महेंद्र जैन, अनिल जैन, सुरेश जैन सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
10 दिनों तक होंगे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन
गोपाचल न्यास के द्वारा बताया गया कि दशलक्षण महापर्व के आगामी दिनों में भी गोपाचल पर्वत पर विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

Please follow and like us:
Pin Share