रसायनों से थकी मिट्टी को प्राकृतिक खेती का सहारा राष्ट्रीय कृषि वैज्ञानिक सम्मेलन में भविष्य की खेती पर मंथन

ग्वालियर। रासायनिक उर्वरकों के बढ़ते उपयोग से कमजोर होती मिट्टी और घटते कार्बन स्तर पर गंभीर चिंता जताते हुए कृषि वैज्ञानिकों ने प्राकृतिक व गौ-आधारित खेती को भविष्य का रास्ता बताया। भारतीय एग्रो इकोनॉमिक रिसर्च सेंटर एवं राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय कृषि वैज्ञानिक सम्मेलन का शुभारंभ सोमवार सुबह दत्तोपंत ठेंगड़ी सभागार में हुआ। उद्घाटन सत्र में वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि सतत कृषि मॉडल अपनाए बिना मिट्टी और किसानकृदोनों का भविष्य सुरक्षित नहीं रह सकता।
मुख्य अतिथि का संदेशः धीरे-धीरे ही सही, लौटें प्राकृतिक खेती की ओरः-
कुलगुरु डॉ. अरविंद कुमार शुक्ला ने कहा कि अधिक उत्पादन की होड़ में रासायनिक खादों के अंधाधुंध प्रयोग ने भारतीय कृषि को नुकसान पहुंचाया है। मिट्टी की उर्वरता और कार्बन घटने से उत्पादन की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। उन्होंने इंदौर का उदाहरण देते हुए बताया कि 150 वर्ग मीटर क्षेत्र में वैज्ञानिक पूरी तरह प्राकृतिक पद्धति से 20 हजार रुपये तक की पैदावार कर रहे हैं।
डॉ. शुक्ला ने स्मरण कराया कि महान विचारक दत्तोपंत ठेंगड़ी ने वर्ष 1985 में गौ-आधारित कृषि प्रकल्प की नींव रखी थी। आज उसी दृष्टि को आगे बढ़ाते हुए यह सम्मेलन उनके नाम पर बने सभागार में आयोजित हो रहा है।

परंपरागत ज्ञान और विज्ञान का संगमः-
सम्मेलन में गौवंश आधारित खेती को वैज्ञानिक आधार पर प्रोत्साहित करने के प्रयासों को सराहा गया। आयोजकों के अनुसार परंपरागत भारतीय कृषि ज्ञान को आधुनिक शोध के साथ जोड़ना समय की आवश्यकता है। दो दिवसीय कार्यक्रम में विभिन्न कृषि विश्वविद्यालयों से आए शोधार्थी अपने शोधपत्र प्रस्तुत करेंगे।
अध्यक्षीय उद्बोधनः खेती सशक्त तो देश सक्षमः-
अध्यक्षता करते हुए अखिल भारतीय किसान संघ के संगठन मंत्री दिनेश कुलकर्णी ने कहा कि खेती देश की अर्थव्यवस्था का मूल आधार है। किसान समृद्ध होगा तो राष्ट्र भी मजबूत बनेगा।
देशभर के विश्वविद्यालयों की भागीदारीः-
कार्यक्रम में सात प्रमुख कृषि विश्वविद्यालयों के वैज्ञानिक उपस्थित रहे, जिनमें केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, असम कृषि विश्वविद्यालय, डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय तथा राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय शामिल हैं।
मंच संचालन श्रवण दुबे व महात्मा गांधी ग्रामीण उद्योग संघ के डायरेक्टर आशीष मुरकुटे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन निदेशक विस्तार सेवाएं डॉ. वाय.पी. सिंह ने किया। सम्मेलन में वैज्ञानिकों ने एक स्वर में कहा-मिट्टी की सेहत बचाना ही किसान और देश की समृद्धि का आधार है।

Please follow and like us:
Pin Share