इटावा। थाना बिठौली क्षेत्रांतर्गत पचनदा नदी पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और जनसुविधाओं को लेकर जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने शनिवार को स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने नदी और आसपास के क्षेत्र का भ्रमण कर साफ-सफाई, स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने नदी में आने वाले श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पर्याप्त मोटर बोट, प्रशिक्षित गोताखोर और नाविकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फ्लड पीएसी की प्लाटून तैनात करने, नदी के संवेदनशील एवं गहरे स्थानों पर सुरक्षा जाल लगाने और आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए। निगरानी के लिए वॉच टावर स्थापित करने को भी कहा गया।श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए चेंजिंग रूम, कंट्रोल रूम, अनाउंसमेंट सिस्टम और खोया-पाया केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा वाहनों के सुव्यवस्थित आवागमन के लिए पर्याप्त पार्किंग, पूरे क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था तथा प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा गया।
पचनदा नदी का डीएम और एसएसपी ने किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए होंगे पुख्ता इंतजाम

