इटावा। इटावा सफारी पार्क के प्रचार-प्रसार और पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के लिए प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में यूपीडा के सहयोग से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर विभिन्न स्थानों पर इटावा सफारी पार्क के आकर्षक होर्डिंग्स लगाए गए हैं। इसके साथ ही करहल के पास एक्सप्रेसवे के दोनों ओर स्थित फूड प्लाजा पर भी सफारी पार्क के होर्डिंग्स लगाए गए हैं।
सफारी पार्क प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य एक्सप्रेसवे से गुजरने वाले यात्रियों को इटावा सफारी पार्क के प्रति आकर्षित करना है। इससे आगरा और लखनऊ के बीच यात्रा करने वाले लोगों को सफारी पार्क की जानकारी मिलेगी और यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होने की उम्मीद है।वहीं, सफारी पार्क प्रशासन ने पर्यटकों की सुविधाओं में एक और इजाफा किया है। शनिवार से सफारी पार्क की सॉविनियर शॉप का संचालन मुंबई की कंपनी हॉट स्टफ्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा शुरू किया गया है। यह कंपनी देश के कई चिड़ियाघरों में टेंडर के माध्यम से सॉविनियर शॉप संचालित करने के साथ ही वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाली सामग्री भी उपलब्ध कराती है।अब सफारी पार्क घूमने आने वाले पर्यटकों को यहां विभिन्न प्रकार के सॉविनियर (स्मृति चिन्ह) खरीदने का अवसर मिलेगा। इन स्मृति चिन्हों के माध्यम से पर्यटक सफारी पार्क की यादें अपने साथ ले जा सकेंगे। प्रचार-प्रसार और पर्यटक सुविधाओं के विस्तार से सफारी पार्क को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर लगे इटावा सफारी पार्क के आकर्षक होर्डिंग्स, पर्यटकों को लुभाने की पहल

