Headlines

बकेवर में आज शाम छह बजे होगी ब्लैकआउट मॉक ड्रिल, डीएम-एसएसपी ने तैयारियों को परखा

इटावा। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से रविवार 22 नवंबर को शाम छह बजे बकेवर में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसकी तैयारियों को लेकर शनिवार को जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग की। इस दौरान अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।मॉक ड्रिल के लिए थाना बकेवर क्षेत्र के बकेवर मुख्य चौराहे का चयन किया गया है। ब्रीफिंग में पुलिस, यातायात पुलिस, अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग और नागरिक सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस और यातायात विभाग सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी तथा वाहनों की लाइटें बंद अथवा न्यूनतम रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। यातायात सिग्नल बंद होने की स्थिति में पुलिसकर्मी यातायात का संचालन करेंगे। वहीं अग्निशमन विभाग की ओर से पर्याप्त दमकल वाहनों और कर्मचारियों की तैनाती के साथ आग बुझाने एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया जाएगा। नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों को अग्निशमन यंत्रों के इस्तेमाल का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।डीएम और एसएसपी ने सभी विभागों को पूरी गंभीरता और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल के दौरान आपसी समन्वय और सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। इस दौरान प्रशासन और पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों की तत्परता, समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का आकलन कर जनपद की सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत बनाना है।

Please follow and like us:
Pin Share