इटावा। जनपद स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी 2026 में नारायन कॉलेज ऑफ साइंस एंड आर्ट्स के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न वर्गों में सफलता हासिल की। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत आधुनिक तकनीक और नवाचार पर आधारित प्रोजेक्ट्स ने अतिथियों और निर्णायक मंडल का ध्यान आकर्षित किया।
बाल दिवस के उपलक्ष्य में 14 नवंबर को अर्चना मेमोरियल स्कूल में आयोजित इस प्रदर्शनी में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। नारायन कॉलेज के कक्षा नौ के छात्र ललित यादव ने आपदा प्रबंधन विषय पर फायर फाइटिंग रोबोट का मॉडल प्रस्तुत किया। इस रोबोट में सेंसर के माध्यम से आग का पता लगाकर उसे बुझाने की तकनीक प्रदर्शित की गई, जिसे प्रथम स्थान प्राप्त हुआ।
वहीं कक्षा 12 के छात्र अमित यादव ने स्वदेशी कृषि पद्धतियों एवं ग्रामीण परिवर्तन के लिए विज्ञान विषय के अंतर्गत ‘वेस्ट वाटर फॉर सेफ फार्मिंग’ प्रोजेक्ट प्रस्तुत किया, जिसे द्वितीय स्थान मिला। कक्षा नौ के छात्र संचित यादव ने आपदा प्रबंधन विषय पर स्मार्ट ब्रिज सिस्टम का मॉडल प्रदर्शित किया। इसमें बाढ़ की स्थिति में सेंसर की मदद से पुल के स्वतः ऊपर उठने की तकनीक दिखाई गई। इस मॉडल को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।प्रदर्शनी में मुख्य अतिथि एवं निर्णायक मंडल के सदस्यों ने विद्यार्थियों के नवाचार और वैज्ञानिक सोच की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. धर्मेंद्र शर्मा ने विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया। उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।सभी गणमान्य अतिथियों ने प्रोजेक्ट तैयार कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले एटीएल प्रशिक्षक नवीन कुमार के मार्गदर्शन की भी सराहना की। विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि पर सभी विजेता विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में नारायन कॉलेज का दबदबा, सभी वर्गों में हासिल की जीत

