फिरोजाबाद- न्यू तिलक नगर स्थित श्री 1008 पद्मप्रभ जिनालय का प्रथम वार्षिकोत्सव शनिवार को धार्मिक श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। वार्षिकोत्सव के अवसर पर जिनालय को आकर्षक ढंग से सजाया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया और देखते ही देखते जिनालय परिसर भक्तों से भर गया। भगवान पद्मप्रभ की भक्ति और जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा।परम पूज्य आचार्य श्री 108 वसुनंदी महामुनिराज जी एवं बालयोगी प्रज्ञा श्रमण श्री 108 अमित सागर जी महाराज के मंगलमय आशीर्वाद से आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ प्रातः अभिषेक एवं शांतिधारा के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने विधि-विधानपूर्वक भगवान पद्मप्रभ का अभिषेक कर शांतिधारा की और परिवार एवं समाज की सुख-शांति तथा मंगलमय जीवन की कामना की।इसके पश्चात श्री देव शास्त्र गुरु पूजा का आयोजन किया गया। पूजा-अर्चना के बाद श्री पद्मप्रभ विधान संपन्न कराया गया। विधान के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ भगवान पद्मप्रभ की आराधना की। विधानाचार्य एवं संगीतकार मयंक कुमार के निर्देशन में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। इसके बाद हवन में श्रद्धालुओं ने आहुतियां देकर विश्वशांति एवं सर्वमंगल की कामना की।
वार्षिकोत्सव में रजत कलशों से भगवान पद्मप्रभ का अभिषेक विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक अभिषेक में सहभागिता की। जिनालय में सजे रजत कलश और धार्मिक अनुष्ठानों का दृश्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण बना रहा।कार्यक्रम में श्री 1008 पद्मप्रभ महिला मंडल की महिलाओं ने भजन एवं भक्ति प्रस्तुतियों के माध्यम से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। महिलाओं की सामूहिक प्रस्तुति पर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। भक्ति गीतों के दौरान श्रद्धालुओं ने तालियों के साथ उत्साह बढ़ाया और पूरा जिनालय भक्ति के रंग में रंग गया।
शाम 6:30 बजे महाआरती का आयोजन किया गया। महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। आरती के दौरान जिनालय दीपों की रोशनी से जगमगा उठा और श्रद्धालुओं ने भगवान पद्मप्रभ के समक्ष श्रद्धा एवं भक्तिभाव से आरती उतारी।महाआरती के पश्चात ट्रस्टी परिवार द्वारा 48 दीपकों से भक्तामर अर्चना की गई। दीपकों की ज्योति के बीच भक्तामर स्तोत्र की आराधना से जिनालय का वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा। श्रद्धालु भक्ति में लीन दिखाई दिए और पूरा परिसर धार्मिक भावनाओं से सराबोर रहा।प्रथम वार्षिकोत्सव के अवसर पर आयुष जैन के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में भी विशेष धार्मिक आयोजन किया गया। परिवारजनों ने धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता कर आरुष जैन के उज्ज्वल भविष्य एवं मंगलमय जीवन की कामना की। जन्मदिवस के अवसर को धार्मिक आयोजन से जोड़कर परिवार ने श्रद्धा और संस्कार का संदेश दिया।वार्षिकोत्सव में बड़ी संख्या में समाज के श्रद्धालु, महिलाएं एवं युवा उपस्थित रहे। सभी ने भगवान पद्मप्रभ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा धार्मिक आयोजनों में सहभागिता कर धर्मलाभ लिया।आयोजक जैनम मेडिको के सुनीत कुमार जैन एवं विनीत कुमार जैन, न्यू तिलक नगर, फिरोजाबाद ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।प्रथम वार्षिकोत्सव के दौरान दिनभर चले धार्मिक अनुष्ठानों, भक्ति प्रस्तुतियों, महाआरती और भक्तामर अर्चना ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति कराई। श्रद्धा, भक्ति, संस्कार और सामाजिक एकता के इस संगम ने पद्मप्रभ जिनालय के प्रथम वार्षिकोत्सव को यादगार बना दिया।
फिरोजाबाद के पद्मप्रभ जिनालय, धूमधाम से मनाया गया प्रथम वार्षिकोत्सव

