नाबार्ड ने कृषि विश्वविद्यालय के नवाचारों पर जताया भरोसा, कृषि स्टार्टअप्स और स्वरोजगार को मिलेगा बढ़ावा
ग्वालियर। कृषि क्षेत्र में नवाचार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए कृषि विश्वविद्यालय की पहल को नाबार्ड ने बड़ी आर्थिक ताकत दी है। राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित सेंटर फॉर एग्रीबिजनेस इन्क्यूबेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप (CAIE) को नाबार्ड ने डेढ़ करोड़ रुपये का अतिरिक्त सहयोग देने के साथ परियोजना को अगले दो साल तक जारी रखने की आधिकारिक अनुमति दे दी है। शुक्रवार को मिली इस मंजूरी से कृषि उद्यमिता और स्टार्टअप विकास की गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
नाबार्ड ने परियोजना की समीक्षा और मूल्यांकन के दौरान CAIE द्वारा कृषि आधारित नवाचार, खाद्य प्रसंस्करण और स्वरोजगार के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। निरंतर सहयोग का निर्णय संस्था की उपलब्धियों और कार्यप्रणाली पर भरोसे का प्रमाण है।
CAIE, नाबार्ड और कृषि विश्वविद्यालय की संयुक्त पहल है। यहां उद्यमियों को प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन और व्यवसाय विकास के अवसर दिए जा रहे हैं। इसके तहत सेंट्रल प्रोसेसिंग लाइन में पोहा, नमकीन, टमाटर प्यूरी एवं केचप, कोल्ड प्रेस ऑयल और क्रायोजेनिक मसाला प्रसंस्करण की पांच इकाइयां स्थापित की गई हैं।
बिक्री से लेकर नए उद्योग तक तैयारी:-
CAIE की ‘एग्री सेतु’ सेल्स शॉप पर उद्यमियों को उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का मंच मिल रहा है। आगामी योजना में पशु आहार प्रसंस्करण लाइन विकसित करना तथा कृषि स्टार्टअप्स को वित्तीय सहायता और निवेश के अवसरों से जोड़ना शामिल है।

