सैफई : ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने और भारतीय सेना के आर्मी सर्विस कोर (एएससी) के 266वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में निकाली जा रही राष्ट्रीय एकता उड़ान के तीन माइक्रोलाइट विमान शुक्रवार सुबह सैफई हवाई पट्टी पर उतरे। गया से शुरू हुआ सेना का यह विशेष अभियान युवाओं में देशभक्ति और साहसिक गतिविधियों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ सेना की गौरवशाली परंपराओं और राष्ट्रीय एकता का संदेश दे रहा है।
‘फ्लाइंग रैबिट्स’ नाम से संचालित इस अभियान के तीनों विमान अलीगढ़ से उड़ान भरकर सैफई पहुंचे। आर्मी एडवेंचर विंग के तत्वावधान में आयोजित अभियान का नेतृत्व कर्नल राहुल मनकोटिया कर रहे हैं। सैफई हवाई पट्टी पर अभियान दल में शामिल मेजर एसएन गुप्ता ने बताया कि अभियान की शुरुआत 16 नवंबर को गया स्थित एएएनसी (माइक्रोलाइट) से हुई है। यह 17 दिसंबर 2026 तक निर्धारित है। प्रत्येक माइक्रोलाइट विमान में दो लोगों के बैठने की व्यवस्था है। पूरे अभियान में 13 अधिकारी और 24 जूनियर कमीशंड अधिकारी (जेसीओ) व जवान शामिल हैं। सैफई पहुंचे दल में चार अधिकारी और 15 जवान मौजूद रहे। अलग-अलग चरणों में कुछ अधिकारियों की जिम्मेदारी भी बदलती रहती है। मेजर गुप्ता ने बताया कि अभियान के माध्यम से आमजन तक राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और ‘वंदे मातरम’ के महत्व का संदेश पहुंचाया जा रहा है। यह आयोजन आर्मी सर्विस कोर के 266वें स्थापना दिवस और 12वें पुनर्मिलन समारोह से भी जुड़ा है। सैफई पहुंचने के बाद दल का अगला पड़ाव झांसी है। वहां रात्रि विश्राम के बाद टीम आगे की यात्रा के लिए रवाना होगी। अभियान का समापन बेंगलुरु स्थित एएससी सेंटर एंड कॉलेज में आठ दिसंबर को एयरो शो के साथ प्रस्तावित है। इस अवसर पर डीजीएसटी की ओर से अभियान दल को सम्मानित किया जाएगा।
राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर सैफई पहुंचे सेना के तीन विमान, 36 स्थानों पर होगा एयर शो

