Headlines

फायरिंग और धमकी की घटना का जैन समाज ने किया कड़ा विरोध – निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई की मांग

इंदौर: समाचार पत्र में रियल एस्टेट कारोबारी जैन के कार्यालय पर फायरिंग और धमकी की खबर सामने आने के बाद भारत वर्षीय जैन समाज सहित पूरे व्यापारी वर्ग में गहरी चिंता और आक्रोश व्याप्त हो गया है। धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने कहा कि यह घटना केवल एक व्यक्ति या एक व्यवसाय का मामला नहीं है, बल्कि समाज की सुरक्षा, सम्मान और कानून व्यवस्था से जुड़ा गंभीर विषय है। खबर के अनुसार इंदौर के गांधी नगर थाना क्षेत्र स्थित गोधा एस्टेट कॉलोनी के गेट पर बुधवार आधी रात करीब 12 बजे हेलमेट पहने एक अज्ञात बदमाश ने पिस्टल से लगातार छह राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दी, गोलियों की आवाज सुनकर ड्यूटी पर तैनात गार्ड बुद्धदेव सेन बदमाश की ओर दौड़े लेकिन वह मौके से फरार हो गया, पुलिस को मौके से छह खाली कारतूस मिले हैं और सिक्योरिटी इंचार्ज की शिकायत पर अज्ञात बदमाश के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं कॉलोनी के बिल्डर को डराने के इरादे से तो हवाई फायर नहीं किए गए, हालांकि इस आशंका की फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज व अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान में जुटी है। इस घटना को लेकर इंदौर जैन जैन समाज के प्रबुद्धजन डॉ जैनेन्द्र जैन का स्पष्ट कहना है कि समाज अब ऐसी घटनाओं पर मौन नहीं रह सकता। समाज को आपसी एकता, जागरूकता और संगठन की मजबूती पर ध्यान देना होगा, क्योंकि जब किसी एक व्यापारी या समाजजन पर हमला होता है तो वह पूरे समाज पर हमला माना जाना चाहिए। समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा के लिए एकजुट होकर खड़ा होना होगा, किसी भी व्यापारी या समाजजन को धमकी मिले तो समाज को कानूनी सहायता और प्रशासनिक सहयोग देना होगा, समाज के नाम पर अफवाहें फैलाने के बजाय तथ्यों की पुष्टि करनी होगी, पुलिस और प्रशासन से मिलकर अपराधियों के विरुद्ध निष्पक्ष एवं सख्त कार्रवाई की मांग करनी होगी और समाज में ऐसा सुरक्षा और सहयोग तंत्र बनाना होगा जिससे कोई भी व्यक्ति खुद को अकेला महसूस न करे। समाजजनों का मानना है कि जैन समाज केवल धार्मिक आयोजनों और उत्सवों तक सीमित न रहे, समाज की असली ताकत तब दिखाई देगी जब किसी संकट में समाज का हर व्यक्ति दूसरे के साथ खड़ा होगा। इस घटना के विरोध में राष्ट्रीय जिन शासन एकता संघ के राकेश गोहिल,मंयक जैन आनंद नवीन गोधा टीके वेद हंसमुख गांधी प्रदीप बड़जात्या मनीष अजमेरा अशोक मेहता,कातीलाल बम एवं फेडरेशन की राष्ट्रीय शिरोमणि संरक्षिका श्रीमती पुष्पा कासलीवाल महिला परिषद् की संभागीय अध्यक्ष श्रीमती मुक्ता जैन, रेखा जैन श्रीफल, रुचि चौविशया, महासमिति की मंजु अजमेरा आदि समाज जन ने मांग की है कि पुलिस जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश करे, फायरिंग के पीछे कौन है और किसके इशारे पर यह दहशत फैलाई गई, इसका सच सामने लाए, पीड़ित कारोबारी और उसके परिवार को समुचित सुरक्षा दी जाए, इंदौर जैसे व्यापारिक शहर में व्यापारियों के कार्यालयों, कॉलोनियों और प्रतिष्ठानों पर गश्त और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए और भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए प्रशासन ठोस कदम उठाए। समाज ने यह भी अपील की है कि इस संवेदनशील मामले में कोई भी व्यक्ति बिना पुष्टि के किसी व्यक्ति, समुदाय या संगठन का नाम लेकर अफवाह न फैलाए, क्योंकि अफवाह से जांच प्रभावित होती है और समाज की एकता को नुकसान पहुंचता है। समाज की एकता ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है, और यही संदेश इस घटना के विरोध में सबसे मजबूत रूप में सामने आना चाहिए। जैन एकता जिन्दाबाद।

राजेश जैन दद्दू

Please follow and like us:
Pin Share