इटावा।जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट परिसर में ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी ने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाताओं को ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली से अवगत कराने तथा मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कलेक्ट्रेट परिसर में यह जागरूकता कार्यक्रम प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक संचालित रहेगा। इसके साथ ही जनपद की सभी तहसीलों में भी ईवीएम प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम जारी है, जहां आमजन को ईवीएम के माध्यम से मतदान करने की प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है। जिलाधिकारी ने वीवीपैट (वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल) के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि यह ईवीएम से जुड़ी एक ऐसी व्यवस्था है, जिसके माध्यम से मतदाता अपने द्वारा डाले गए वोट का सत्यापन कर सकते हैं। वीवीपैट मशीन में मतदान के तुरंत बाद एक मुद्रित पर्ची दिखाई देती है, जिस पर मतदाता द्वारा चुने गए प्रत्याशी का क्रमांक, नाम एवं चुनाव चिह्न अंकित होता है। यह पर्ची लगभग 7 सेकंड तक पारदर्शी खिड़की में दिखाई देती है, जिससे मतदाता यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि उनका मत उनके द्वारा चुने गए प्रत्याशी को ही गया है। कार्यक्रम के दौरान उपजिलाधिकारी न्यायिक राकेश, उपजिलाधिकारी न्यायिक श्वेता तिवारी, सहायक निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सहित सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
डीएम ने बैठक में दी ईवीएम व वीवीपैट के बारे में जानकारी प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम का किया शुभारंभ

