ग्वालियर 13 अगस्त 2025/ स्मार्ट सिटी के अधिकारियों व कर्मचारियों ने बुधवार को नगर निगम आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी के सीईओ के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकालकर बैजाताल व मोतीमहल क्षेत्र में मौजूद नागरिकों को तिरंगा के प्रति सम्मान और हर घर में तिरंगा फहराने का संदेश दिया। “हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता : स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग” अभियान के तहत यह तिरंगा यात्रा मोतीमहल स्थित स्मार्ट सिटी के कंट्रोल कमांड सेंटर से शुरु होकर ऐतिहासिक बैजाताल व मोतीमहल के अन्य क्षेत्र से होकर गुजरी। तिरंगा यात्रा में शामिल प्रतिभागी भारतमाता की जय व झण्डा ऊँचा रहे हमारा जैसे जोशीले नारे लगाते हुए आगे बढ़े। इससे सम्पूर्ण मोतीमहल क्षेत्र देश भक्ति से सराबोर हो गया।
तिरंगा यात्रा में ग्वालियर स्मार्ट सिटी के कंट्रोल कमांड सेंटर व आईटीएमएस, इन्क्युबेशन सेंटर के स्टार्टअप सहित स्मार्ट सिटी के सभी अधिकारी व कर्मचारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर स्मार्ट सिटी के कंट्रोल कमांड सेंटर व आईटीएमएस कंट्रोल रुम को भी विशेष रुप से तिरंगो से सजाया गया था।
तिरंगा यात्रा के समापन पर नगर निगम आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी सीईओ श्री संघ प्रिय ने सभी से तिरंगा फहराने और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति सम्मान की भावना रखकर देश की प्रगति में योगदान देने एवं अपने घर, मोहल्ले व सम्पूर्ण शहर को स्वच्छ रखने में योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही आमजन से अपील की कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत सभी नागरिक घर-घर तिरंगा फहराये एवं स्वतंत्रता का उत्सव मनायें।