इटावा में वैदिक गणित कार्यशाला का किया गया शुभारंभ

इटावा- उत्तर प्रदेश विज्ञान भारती एवं डायट के संयुक्त तत्वावधान में डायट परिसर में एक दिवसीय वैदिक गणित कार्यशाला का शुभारम्भ प्राचार्य प्रेम पाल सिंह , वरिष्ठ प्रवक्ता आदर्श तिवारी , आनंद ,योगेन्द्र अक्षय ,कार्यशाला प्रशिक्षक आई. आई. टी. कानपुर के सुजीत कुमार जी एवं अत्रि दीक्षित जी द्वारा माँ सरस्वती जी को पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्वलन के साथ विज्ञान भारती की प्रार्थना को प्रशिक्षु छात्रा अदिति दुबे द्वारा प्रस्तुत कर किया गया।गणित विभाग के प्रवक्ता एवं कार्यशाला संयोजक आदर्श तिवारी ने कार्यशाला की रूपरेखा प्रस्तुत की व विशेषज्ञों का स्वागत किया।तथा बताया कि इसकी उपयोगिता विज्ञान, अभियांत्रिकी, प्रौद्योगिकी के साथ-साथ कम्प्यूटर सांइस व खगोल भौतिकी आदि क्षेत्रों में भी लगातार बढ़ रही है।डायट प्राचार्य ने कार्यशाला के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कैसे प्राचीन भारतीय गणितज्ञों ने इतनी उन्नत गणितीय विधियों का विकास किया। कार्यशाला प्रशिक्षक सुजीत सिंह ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य छात्रों को प्राचीन भारतीय गणितीय विधियों से परिचित कराना हैं, जो गणना को गति देने और समस्याओं को हल करने में मदद कर सकती हैं। कार्यशाला में, छात्रों ने वैदिक गणित के 16 सूत्रों और उप-सूत्रों के बारे में सीखा, जो अंकगणित, बीजगणित, त्रिकोणमिति और ज्यामिति सहित विभिन्न गणितीय विषयों में लागू होते हैं। छात्रों को वैदिक गणित के उपयोग से समस्याओं को हल करने के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया, जिससे उन्हें गणना करने के नए तरीके सीखने में मदद मिली। कार्यशाला में भाग लेने वाले छात्रों को वैदिक गणित के पुरातन उपयोग, वर्तमान व भविष्य में इसकी आवश्यकता के बारे में अवगत कराया गया। विज्ञान भारती के इटावा विभाग सचिव कुलदीप अवस्थी ने कहा कि वे भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बना रहे हैं, ताकि छात्रों को प्राचीन भारतीय ज्ञान और विधियों से परिचित कराया जा सके। यह कार्यशाला उन छात्रों के लिए एक मूल्यवान अनुभव साबित होगी,जिन्होंने वैदिक गणित के बारे में सीखा और इसे अपनी पढ़ाई में उपयोग करने के तरीके सीखे। विज्ञान संचारक प्रदीप कुमार यादव ने कहा कि वैदिक गणित के सूत्र गणित विषय के अध्ययन व गणितीय गणनाओं को सहज बनाते हैं उन्होंने विज्ञान के कुछ व्यवहारिक प्रयोगों का लाइव डेमो भी दिया। कार्यशाला में 90 प्रशिक्षु प्रतिभागियों के साथ-साथ नगेन्द्र प्रताप सिंह अध्यापक महेवा, गणित प्रवक्ता जी आई सी इटावा विनोद कुमार पाल,आशीष कुमार के आर गर्ल्स कॉलेज लखना,मोहर सिंह डायट प्रवक्ता की भी गरिमामयी उपस्थिति रही.इटावा विभाग संयोजक अत्रि दीक्षित ने आभार व्यक्त किया तथा कार्यशाला का समापन वन्देमातरम गायन से किया गया कार्यक्रम का संचालन छात्रा अदिति दुबे ने किया

Please follow and like us:
Pin Share