Headlines

शनिवार को 5 जरूरतमंद महिलायें बनी “शक्ति दीदी”

ग्वालियर 04 जुलाई 2026/ ग्वालियर जिले में महिला सशक्तिकरण की नई इबारत लिखी जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप हुए “शक्ति दीदी” नवाचार के तहत जरूरतमंद महिलाएँ पेट्रोल पंपो पर फ्यूल डिलेवरी वर्कर का मोर्चा संभाल कर आत्मनिर्भर बन रहीं हैं । शनिवार 4 जुलाई को 5 जरूरतमंद महिलायें “शक्ति दीदी” बनी । जिले में अब तक 123 जरूरतमंद महिलायें शक्ति दीदी नवाचार के माध्यम से आत्मनिर्भर हो चुकी हैं।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने शनिवार को कमलाराजा हॉस्पिटल के नजदीक स्थित जैन मोटर्स कम्पू पर सुश्री हेमलता, सुश्री ललिता व सुश्री प्रियंका को शक्ति दीदी के रूप में फ्यूल डिलेवरी वर्कर की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने फूल मालायें पहनाकर शक्ति दीदियों का स्वागत किया। साथ ही शक्ति दीदी की जैकेट पहनाई।
कलेक्टर श्रीमती चौहान ने शक्ति दीदियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आप सब आत्मविश्वास के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करें। जिला प्रशासन व पुलिस आप सबकी मदद के लिये तत्पर है। उन्होंने पेट्रोल पंप संचालक को भी निर्देश दिए कि शक्ति दीदियों को कोई समस्या नहीं आनी चाहिए। इस मौके पर सहायक संचालक महिला बाल विकास श्री राहुल पाठक एवं सहायक जिला आपूर्ति अधिकारी श्री सौरभ जैन भी उपस्थित रहे।
इसी तरह गंगा फिलिंग स्टेशन वीरपुर पर अपर जिला दण्डाधिकारी श्री सी बी प्रसाद ने सुश्री आरती बघेल को एवं सिंहपुर रोड मुरार स्थित माँ पेट्रोलियम पर संयुक्त कलेक्टर श्रीमती जुही गर्ग ने सुश्री मनीषा को शक्ति दीदी की जिम्मेदारी सौंपी।

Please follow and like us:
Pin Share