Headlines

सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा कर रैंकिंग में सुधार लाए-कमिश्नर

इटावा। मंडलायुक्त, कानपुर मंडल, कानपुर एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में सीएम डैशबोर्ड एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति, सीएम डैशबोर्ड पर जनपद की रैंकिंग, आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में मंडलायुक्त ने सीएम डैशबोर्ड पर विभिन्न योजनाओं की रैंकिंग की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपनी-अपनी योजनाओं की प्रगति में सुधार लाते हुए जनपद की रैंकिंग बेहतर बनाने के लिए गंभीरता से कार्य करें। पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा में जनपद की रैंक 5, 10 एवं ग्रेड-सी पाए जाने पर मंडलायुक्त महोदय ने निर्देश दिए कि ऐसे लाभार्थियों को चिन्हित किया जाए, जिन्होंने होम लोन लिया है तथा जिनके विद्युत कनेक्शन 5 किलोवाट के हैं। ऐसे उपभोक्ताओं का विद्युत बिल अधिक होने की संभावना रहती है, इसलिए उनसे संपर्क कर योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जाए, जिससे निर्धारित लक्ष्य प्राप्त किया जा सके। दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना में जनपद की रैंक 7, 10 एवं ग्रेड-बी होने पर उन्होंने कहा कि इस योजना में सभी संबंधित अधिकारियों एवं विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक अधिकारी यह सुनिश्चित करे कि उसकी लापरवाही के कारण जनपद की रैंकिंग प्रभावित न हो। फैमिली आईडी योजना में सी ग्रेड है की समीक्षा में उन्होंने अधिकारियों को छोटे-छोटे लक्ष्य निर्धारित कर कार्य करने तथा नियमित समीक्षा के माध्यम से जनपद की रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल, मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, सामाजिक निदेशक वानिकी अभिषेक अजित इनामदार, अपरजिलाधिकारी बिपिन कुमार, समस्त उपजिलाधिकारी, सिटी मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रमेश चन्द्र, जिला समाज कल्याण अधिकारी संध्या रानी बघेल, एआरटीओ हुमा परवीन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Please follow and like us:
Pin Share