Headlines

इटावा महोत्सव में समूह लोक नृत्य प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने मोहा मन

इटावा। इटावा महोत्सव एवं प्रदर्शनी के प्रदर्शनी पंडाल में पानकुंवर इंटरनेशनल स्कूल के तत्वावधान में समूह लोक नृत्य प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर भारतीय लोक संस्कृति, परंपरा और कला के रंग बिखेरे। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एसपी सिटी श्रीमती बबिता सिंह रहीं। विशिष्ट अतिथियों में श्रीमती रश्मि यादव, श्रीमती अनीता, प्रबंधक रोहन सिंह, डॉ. मुकेश यादव (पीईएस), पवन प्रताप सिंह, उमेश यादव एवं नारायण कॉलेज ऑफ साइंस एंड आर्ट के प्रधानाचार्य डॉ. धर्मेंद्र शर्मा उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका प्रियंका एवं नमिता ने निभाई।बालक वर्ग में लिटिल लीडर्स इंटरनेशनल स्कूल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एसएस मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल एवं एसपीएस ग्लोबल स्कूल संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे। सेंट मैरी इंटर कॉलेज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि माउंट लिट्रा जी स्कूल को सांत्वना पुरस्कार मिला।बालिका वर्ग में संत विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने प्रथम, पानकुंवर इंटरनेशनल स्कूल ने द्वितीय तथा नारायण कॉलेज ऑफ साइंस एंड आर्ट एवं सनशाइन स्कूल ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। माउंट लिट्रा जी स्कूल को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन, सामूहिक समन्वय और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न लोकगीतों की धुन पर प्रस्तुत नृत्यों में देश की सांस्कृतिक विविधता और लोक परंपराओं की आकर्षक झलक देखने को मिली।इस अवसर पर पानकुंवर इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. कैलाश चंद्र यादव ने विजेता एवं प्रतिभागी विद्यालयों को बधाई देते हुए कहा कि सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास, रचनात्मकता और टीम भावना को बढ़ावा देती हैं। प्रतियोगिता में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण सहभागिता, निरंतर प्रयास और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना है। उन्होंने सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।अंत में आयोजक विद्यालय की ओर से मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, निर्णायक मंडल, विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। समूह लोक नृत्य प्रतियोगिता इटावा महोत्सव में भारतीय संस्कृति, सांस्कृतिक एकता और बाल प्रतिभाओं को मंच देने वाला यादगार आयोजन साबित हुई।

Please follow and like us:
Pin Share