ग्वालियर, 28 नवम्बर 2026/ कलेक्टर श्रीमती रुचिका सिंह चौहान के निर्देशन में जिले में स्वास्थ्य सेवाओं और शासकीय स्वास्थ्य योजनाओं का बेहतर संचालन सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. एम.एस. सागर ने शनिवार को ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में सेक्टर मीटिंगों के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लेने और आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को आमजन के साथ शालीन व्यवहार करने की समझाइश दी।
सीएमएचओ डॉ. एम.एस. सागर ने बताया कि ग्वालियरवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य संस्थाओं का नियमित निरीक्षण एवं समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में जिला स्तरीय अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में भेजकर सेक्टर मीटिंगों की समीक्षा कराई गई। अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के आधार पर स्वास्थ्य सेवाओं में और सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के लिए डॉ. मनोज कौरव को डबरा ब्लॉक, डॉ. पवन जैन को भितरवार ब्लॉक, डॉ. दीपाली माथुर को हस्तिनापुर ब्लॉक तथा डॉ. विनोद दोनेरिया को बरई ब्लॉक की जिम्मेदारी सौंपी गई। जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) श्री विजय भार्गव सहित सीएमएचओ डॉ. एम.एस. सागर ने भी ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया।
सीएमएचओ कार्यालय में शहरी क्षेत्र ग्वालियर की स्वास्थ्य सेवाओं की भी समीक्षा की गई। इस दौरान चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि वे अस्पतालों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ ही उसके साथ शालीनता एवं संवेदनशीलता से व्यवहार करें, ताकि आमजन को अस्पतालों में सहज और सकारात्मक वातावरण मिल सके।
समीक्षा के दौरान स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों के निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त करने के निर्देश भी दिए गए। सीएमएचओ ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।

