ग्वालियर 26 नवम्बर 2026/ भारतीय संविधान की मूल प्रति ग्वालियर में भी मौजूद है। महाराज बाड़ा स्थित शासकीय केन्द्रीय पुस्तकालय में यह प्रति रखी हुई है। साथ ही इसकी डिजिटल प्रतिलिप भी पुस्तकालय में तैयार की गई है। संविधान दिवस 26 नवम्बर को संविधान की यह मूल प्रति सहित देश की आजादी से संबंधित अन्य पुस्तकें केन्द्रीय पुस्तकालय में शहर के आम नागरिकों के अवलोकन के लिये रखी गईं। साथ ही संविधान की डिजिटल प्रति एलईडी स्क्रीन पर दिखाई गई। सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने भी केन्द्रीय पुस्तकालय पहुँचकर संविधान की मूल प्रति का अवलोकन किया।
इस अवसर पर मंत्री श्री कुशवाह ने कहा कि भारतीय संविधान ने महिलाओं, बच्चों और वंचित वर्गों को सशक्त बनाने का काम किया है। साथ ही हमारा संविधान सामाजिक समरसता का आधार भी है।
संविधान की मूल प्रति देखने के लिये बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं शहर के नागरिक पहुँचे। संविधान दिवस पर 856 विद्यार्थियों व नागरिकों ने संविधान की मूल प्रति एवं डिजिटल प्रति देखी। संविधान की मूल प्रति देखने आए नागरिकों ने जनप्रतिनिधियों एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारियों के साथ संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन भी किया।
संविधान दिवस पर केन्द्रीय पुस्तकालय में आयोजित हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भारतीय संविधान के मूल्यों, उद्देश्यों एवं इसके महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इस अवसर पर पुस्तकालय में अध्ययन कर रहे छात्र आशुतोष शर्मा. आदित्य मंगल, कार्तिकेय, नंदिनी पांडे और राधिका ऊधवानी ने संविधान को आधुनिक भारत की आत्मा बताते हुए अपने वक्तव्यों से उपस्थितजनों को प्रभावित किया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय ग्रंथपाल शासकीय केन्द्रीय पुस्तकालय श्री राकेश कुमार शर्मा, पुस्तकालय प्रबंधक श्री विवेक कुमार सोनी सहित पुस्तकालय का समस्त स्टॉफ उपस्थित था।
मंत्री श्री कुशवाह सहित अन्य नागरिकों ने देखी संविधान की मूल प्रति

