Headlines

50 साल की वकालत करने वाले 41 वरिष्ठ अधिवक्ताओं का सम्मान, युवाओं को दिया अनुभव का संदेश

इटावा। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन की ओर से विधि व्यवसाय में 50 वर्ष से अधिक समय तक सेवाएं देने वाले 41 वरिष्ठ अधिवक्ताओं को सम्मानित किया गया। जिला बार एसोसिएशन सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में वरिष्ठ अधिवक्ताओं को फूलमाला, शॉल एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर उनके दीर्घकालीन योगदान का अभिनंदन किया गया। वरिष्ठ अधिवक्ताओं के संघर्ष और अनुभवों को सुनकर युवा अधिवक्ता भी भावुक और प्रेरित नजर आए।कार्यक्रम की अध्यक्षता डीबीए अध्यक्ष एडवोकेट राजेश कुमार त्रिपाठी ने की, जबकि संचालन एडवोकेट देवेंद्र कुमार पांडे ने किया। सम्मानित होने वाले वरिष्ठ अधिवक्ताओं में योगेंद्र किशोर तिवारी, शांति स्वरूप पाठक, प्रेम शंकर शर्मा, राघवेंद्र सिंह सेंगर, सुरेश चंद्र त्रिपाठी, अशोक मिश्रा, बृजेंद्र गुप्ता, विशन चंद्र अग्रवाल, बृजेंद्र बहादुर सिंह चौहान, सुरेंद्र नारायण गुप्ता, लाल बहादुर सिंह भदौरिया, राजकिशोर बाजपेई, देवेंद्र सिंह वर्मा सहित कुल 41 अधिवक्ता शामिल रहे।इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने अपने लंबे विधिक जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने वकालत के दौरान सामने आई चुनौतियों, संघर्षों और न्याय के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के संस्मरण सुनाए। साथ ही युवा अधिवक्ताओं को ईमानदारी, धैर्य, अध्ययन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ विधि व्यवसाय में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
डीबीए अध्यक्ष राजेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने पांच दशक से अधिक समय तक अपने ज्ञान, अनुभव, ईमानदारी और न्याय के प्रति अटूट प्रतिबद्धता से अधिवक्ता समाज को गौरवान्वित किया है। उनके योगदान से न्याय व्यवस्था की गरिमा और प्रतिष्ठा को मजबूती मिली है। उनका संघर्षमय जीवन युवा अधिवक्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत और अमूल्य धरोहर है। उनका मार्गदर्शन और समाज के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा।
कार्यक्रम में महामंत्री एडवोकेट नितिन तिवारी, कोषाध्यक्ष एडवोकेट त्रिपाठी सहित डीबीए पदाधिकारियों राजवीर सिंह चौहान, योगेश यादव उर्फ राजू, अनूप शर्मा, रीना यादव, पुष्पा कुशवाहा, प्रीति चौहान, सौरभ झा, अभिषेक सेंगर, अमित चौरसिया, कृष्ण गोपाल अवस्थी, अर्चना शाक्य, सुनील यादव, प्रमोद तिवारी और राकेश वर्मा सहित कार्यकारिणी के सदस्य एवं सैकड़ों अधिवक्ता मौजूद रहे।

Please follow and like us:
Pin Share