अम्बाह के वरिष्ठ समाजसेवी एवं मोटीवेटर सुधीर आचार्य होगें सम्मानित

मुरैना ( मनोज जैन नायक) नगर के वरिष्ठ समाजसेवी, मोटीवेटर गुरु सुधीर आचार्य को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए दिल्ली एवं रामलला की नगरी ओरछा में सम्मानित किया जाएगा ।
अम्बाह नगर के मोटीवेटर गुरु के नाम से ख्याति प्राप्त सुधीर आचार्य का नाम किसी परिचय का मोहताज नहीं हैं। आपने प्रारंभ से ही पीड़ित मानव सेवा एवं विभिन्न समाजोत्थान के कार्यों द्वारा जनमानस में अपनी एक अलग पहचान स्थापित की है । अंचल के प्रतिष्ठित समाजसेवी एवं मोटीवेटर सुधीर आचार्य को उनके 35 वर्षों के सतत सेवा कार्यों और समाज को तनावमुक्त, स्वस्थ एवं सानंद जीवन जीने की प्रेरणा देने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। यह उपलब्धि न केवल अंबाह बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।

सुधीर आचार्य को 24 फरवरी को नई दिल्ली स्थित दूरदर्शन भवन में आयोजित भव्य समारोह में “राष्ट्रीय हित सेवा अटल सम्मान” से सम्मानित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। इसके पश्चात 26 फरवरी को ऐतिहासिक नगरी ओरछा में आयोजित अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद स्मृति समारोह के अंतर्गत ‘युवनाद’ कार्यक्रम में उन्हें “प्रेरक युवा सम्मान” प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर रावतपुरा सरकार के श्री रविशंकर महाराज की विशेष उपस्थिति रहेगी।

उल्लेखनीय है कि सुधीर आचार्य पिछले तीन दशकों से अधिक समय से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए कार्यरत हैं। वे युवाओं को मानसिक तनाव से मुक्ति, व्यक्तित्व विकास, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए प्रेरित करते रहे हैं। उनके प्रेरक व्याख्यानों और सामाजिक अभियानों से हजारों लोग लाभान्वित हो चुके हैं।

डॉ. आचार्य के सेवा कार्यों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मान्यता मिली है। उनका नाम एशियन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड, फोर्ब्स बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड, जीनियस बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, यू-एन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स, मैजिक बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड सहित ओसियस वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो चुका है। अब तक उन्हें 300 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।

क्षेत्र के नागरिकों, समाजसेवियों और युवाओं ने उनकी इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया है। सभी का मानना है कि सुधीर आचार्य का सम्मान क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा और युवाओं को समाज सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की नई ऊर्जा देगा।

Please follow and like us:
Pin Share