सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर जागरूकता कार्यशाला हुई आयोजित

भिण्ड 10 फरवरी 2026/आज सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में दोपहर 1:00 बजे से 2:00 बजे तक एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य डिजिटल युग में सुरक्षित, जिम्मेदार एवं नैतिक तरीके से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एवं इंटरनेट के उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम में कलेक्टर भिण्ड एवं अपर कलेक्टर की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यशाला में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे, साथ ही आम नागरिकों को भी इस जागरूकता कार्यक्रम में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी श्री भारत भूषण द्वारा “Smart Tech, Safe Choices, Exploring the Safe and Responsible Use of AI” “स्मार्ट तकनीक, सुरक्षित चुनाव, एआई के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग” पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। अपने संबोधन में उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते उपयोग, उसके लाभ एवं संभावित जोखिमों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि स्मार्ट तकनीक का उपयोग करते समय व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा, मजबूत पासवर्ड का प्रयोग, दो-स्तरीय प्रमाणीकरण (Two-Factor Authentication), साइबर धोखाधड़ी से बचाव तथा फर्जी समाचार एवं डीपफेक की पहचान जैसे विषयों पर विशेष सावधानी बरतना आवश्यक है।
प्रस्तुति के दौरान साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन गोपनीयता, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग एवं डिजिटल फुटप्रिंट के महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिभागियों को इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी की सत्यता जांचने तथा किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में संबंधित पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार अपनाने तथा समाज में इंटरनेट सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। उपस्थित सभी अधिकारी/कर्मचारी को साझा की गयी जानकारी अपने घर में बच्चे, बूढ़े, महिलाएं, पड़ोसी सभी के साथ यह जागरूकता फ़ैलाने के लिए भी प्रेरित किया गया।
यह कार्यशाला डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देने तथा सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के प्रति जन-जागरूकता सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुई।

Please follow and like us:
Pin Share