Headlines

मिशन शक्ति केंद्र का भ्रमण कर महिलाओं-बालिकाओं को किया जागरूक

इटावा। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में थाना बढ़पुरा पुलिस ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें सरकारी योजनाओं से लाभान्वित महिलाओं एवं बालिकाओं को थाना परिसर स्थित मिशन शक्ति केंद्र का भ्रमण कराकर उसकी कार्यप्रणाली और महिला सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर बबीता सिंह और क्षेत्राधिकारी जसवंतनगर आयुषी सिंह ने महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद किया। जनचौपाल के दौरान उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के बारे में जानकारी लेते हुए उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, छेड़छाड़ या घरेलू हिंसा की स्थिति में महिलाएं बिना किसी भय अथवा संकोच के पुलिस से संपर्क करें।इस दौरान शासन की विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं, सहायता सेवाओं और आत्मनिर्भरता के महत्व के बारे में भी बताया गया। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के लिए सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने तथा ओटीपी, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी गई। साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और पुलिस-जनता के बीच विश्वास मजबूत करने के लिए मिशन शक्ति के तहत जागरूकता एवं जनसंवाद कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।

Please follow and like us:
Pin Share