Headlines

दशहरा पर्व को लेकर डीएम और एसएसपी ने रामलीला पंडाल का किया निरीक्षण

इटावा। दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने मंगलवार को थाना जसवंतनगर क्षेत्रांतर्गत रामलीला पंडाल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।इस दौरान अधिकारियों ने रामलीला आयोजन स्थल पर सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि आयोजन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। रामलीला देखने आने वाले श्रद्धालुओं और दर्शकों की सुरक्षा, सुविधा तथा भीड़ के सुचारु आवागमन पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
डीएम और एसएसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता और मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क रहने को कहा, जिससे आमजन निर्भीक होकर धार्मिक आयोजन में शामिल हो सकें।

Please follow and like us:
Pin Share