इटावा। शारदीय नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने मंगलवार को थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित रामलीला पंडाल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने रामलीला आयोजन स्थल पर सुरक्षा प्रबंधों का अवलोकन किया। उन्होंने श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने, भीड़ का सुचारु आवागमन बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने को कहा। साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम रखने के निर्देश दिए, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में धार्मिक आयोजनों में शामिल हो सकें।
इस दौरान कोतवाली प्रभारी यशवंत सिंह सहित पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
दशहरा को लेकर रामलीला पंडाल का डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण

