सुमन सखी चैटबॉट से महिलायें जान सकती हैं गर्भावस्था व प्रसव के बाद सेहत का ख्याल रखने के तरीके

ग्वालियर 25 अक्टूबर 2025/ महिलाओं को अब गर्भावस्था एवं प्रसव के बाद स्वास्थ्य संबंधी सलाह लेने के लिये अब किसी स्वास्थ्य केंद्र, एएनएम या आशा कार्यकर्ता के पास जाने की जरूरत नहीं है। महिलायें घर बैठे एआई (आर्टीफिशियल इंटेलीजेंस) आधारित सुमन सखी चैटबॉट पर हिंदी में सवाल पूछकर समाधान प्राप्त कर सकती हैं। सुमन सखी चैटबॉट को वॉट्सएप से भी जोड़ा गया है। यह चैटबॉट, एनएचएम (नेशनल हैल्थ मिशन) मध्यप्रदेश ने राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम के सहयोग से विकसित किया है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सहित जिले के स्वास्थ्य अधिकारियों को इस चैटबॉट से सभी गर्भवती माताओं को जोड़ने के निर्देश दिए हैं।
सुमन सखी चैटबॉट चौबीसों घंटे हिंदी में काम करता है। इससे गर्भवती महिलाओं को प्रसव पूर्व देखभाल, उच्च जोखिम स्थितियों एवं स्वास्थ्य संबंधित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आसानी से मिल जाती है। इस एप को सहज व सरल तरीके से मातृ स्वास्थ्य पर जानकारी देने के लिए विकसित किया गया है। यह स्वास्थ्य योजनाओं और गर्भावस्था संबंधी देखभाल के बारे में मार्गदर्शन की जरूरत वाली महिलाओं के लिए एक सहायता प्रणाली के रूप में काम करता है।
वॉट्सएप पर उपलब्ध है यह चैटबॉट
यह चैटबॉट वॉट्सएप पर उपलब्ध है। पहले चरण में सुमन सखी चैटबॉट मातृ स्वास्थ्य, गर्भावस्था से संबंधित प्रश्नों का उत्तर देगी। बाद के चरणों में महिलाओं के लिए अतिरिक्त स्वास्थ्य व सामाजिक कल्याण कार्यक्रमों को शामिल करने के लिए इसके दायरे का विस्तार भी किया जाएगा। धीरे-धीरे पूरे राज्य में इसका विस्तार किया जा रहा है।
महिलाएं इस तरह जुड़ सकती हैं इस चैटबॉट से
क्यूआर कोड स्कैन करें अथवा वॉट्सएप नम्बर 9770905942 सेव कर लें। वॉट्सएप / वेबचैट पर जाएँ और Hi लिखें। महिलाएं गर्भावस्था (एएनसी) के दौरान खानपान, स्वास्थ्य देखभाल या किसी भी तरह की होने वाली समस्या से जुड़े सवाल सुमन सखी चैटवॉट के वॉट्सएप से जुड़े मोबाइल नंबर 9770905942 पर हिंदी में अपनी जिज्ञासा लिख सकती हैं। इसके बाद चैटबॉट समस्या को समझकर जरूरी जानकारी या मार्गदर्शन करेगा। यह प्रक्रिया पीएनसी के बाद यानी प्रसव बाद की जानकारियों के लिए अपनाई जानी है। एएनसी में दर्ज महिलाओं का नंबर स्वास्थ्य विभाग द्वारा सुमन सखी चैटबॉट से जोड़ा जाएगा।
Please follow and like us:
Pin Share