इटावा। धनतेरस एवं दीपावली के त्योहार को देखते हुए ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) जिला इटावा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष शमशाद हुसैन वारसी के नेतृत्व में जिलाधिकारी को 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से शहर के प्रमुख बाजारों में व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आम नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई।ज्ञापन में प्रमुख बाजारों एवं व्यापारिक क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, चोरी, लूट और छिनैती जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष पुलिस गश्त कराने तथा सीसीटीवी कैमरों से निगरानी सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई। इसके साथ ही बाजारों में नियमित साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण, नालियों की सफाई और खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने की मांग की गई।पार्टी पदाधिकारियों ने त्योहार के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति, जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए बेहतर यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था तथा अग्निकांड से बचाव के लिए प्रमुख बाजारों में अग्निशमन विभाग की टीम तैनात करने की मांग भी रखी।
AIMIM ने व्यापारियों की सुरक्षा और बाजारों की समस्याओं को लेकर डीएम को सौंपा 10 सूत्रीय ज्ञापन

