इटावा। इटावा सफारी पार्क में वन्यजीवों के आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत राजगीर जू सफारी से अर्द्धवयस्क शेर युवराज को लाया गया है। केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण, नई दिल्ली से प्राप्त अनुमति के क्रम में वन्यजीव विनिमय किया गया है। युवराज एक नवंबर की रात सुरक्षित इटावा सफारी पार्क पहुंचा, जहां उसे 21 दिनों के लिए क्वारंटीन किया गया है।
वहीं, युवराज के बदले इटावा सफारी पार्क से अर्द्धवयस्क शेर नीक और चार काले हिरन राजगीर जू सफारी भेजे जा रहे हैं। राजगीर जू सफारी की टीम मंगलवार को इन्हें लेकर रवाना हुई।
सफारी पार्क में वर्तमान में कुल 22 शेर हैं। इनमें 16 शेर इटावा में जन्मे हैं, जबकि छह शेर दूसरे प्रदेशों से लाए गए हैं। बाहरी प्रदेशों से आए शेरों में चार गुजरात, एक हरियाणा और एक बिहार से हैं।
आयु वर्ग के अनुसार सफारी पार्क में चार शावक (एक नर और तीन मादा), छह अर्द्धवयस्क (एक नर और पांच मादा), नौ वयस्क (चार नर और पांच मादा) तथा तीन वृद्ध शेर (एक नर और दो मादा) मौजूद हैं। इस तरह सफारी पार्क में सभी आयु वर्ग के शेर उपलब्ध हैं।
इटावा सफारी पार्क में आया नया शेर युवराज, दूसरी पीढ़ी की शेरनियों को मिलेगा साथी

