ग्वालियर 06 जून 2025/ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के वाजिब क्लेम समय पर मिलें और उनकी विभागीय समस्याओं का निराकरण भी सकारात्मक रूप से हो, यह सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने जिला स्तरीय परामर्श दात्री समिति की बैठक में यह बात कही।
कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में शुक्रवार को जिला स्तरीय परामर्श दात्री की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न कर्मचारी संगठनों द्वारा कर्मचारियों की समस्याओं और उनके हित के लिये दिए गए प्रतिवेदन पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मध्यप्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ, मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ ग्वालियर, मध्यप्रदेश कर्मचारी कांग्रेस, मध्यप्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ, मध्यप्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ एवं मध्यप्रदेश कर्मचारी कांग्रेस संघ के पदाधिकारी एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्रीमती चौहान ने सभी कर्मचारी संघों द्वारा दिए गए प्रतिवेदन पर विस्तार से चर्चा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार वरिष्ठ अधिकारियों का गोपनीय प्रतिवेदन ऑनलाइन हो गया है। उसी प्रकार कर्मचारियों का गोपनीय प्रतिवेदन भी ऑनलाइन हो, ऐसा प्रयास किया जाए। इसके लिये एक मोबाइल एप भी तैयार कराया जाए। तकनीकी कर्मचारी अगर इस दिशा में सार्थक प्रयास करता है तो उसे हर संभव सहयोग दिया जायेगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया है कि कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका का सत्यापन भी समय पर हो, यह सुनिश्चित किया जाए। स्वास्थ्य विभाग एवं शिक्षा विभाग भी कर्मचारियों के अटैचमेंट के संबंध में उन्होंने विभागीय अधिकारियों को प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में विभिन्न कर्मचारी संघों द्वारा अपनी-अपनी समस्याओं और मांगों के संबंध में जानकारी प्रस्तुत की। जिसे सुनकर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।