इटावा। इटावा सफारी पार्क में चल रहे वन्य प्राणी सप्ताह के चौथे दिन सोमवार को विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन ‘राष्ट्रीय डॉल्फिन दिवस’ के रूप में किया गया। कार्यक्रम में इटावा जनपद के 31 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। राष्ट्रीय जलीय जीव डॉल्फिन के संरक्षण एवं उसके प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष 5 अक्टूबर को राष्ट्रीय डॉल्फिन दिवस मनाया जाता है।वन्य प्राणी सप्ताह के अंतर्गत सफारी पार्क में विद्यार्थियों के लिए ‘फुटप्रिंट/एनिमल ट्रैक पहचान प्रतियोगिता’ तथा ‘कौन हूं मैं’ प्रतियोगिता आयोजित की गई। फुटप्रिंट/एनिमल ट्रैक पहचान प्रतियोगिता जूनियर एवं सीनियर वर्ग में हुई, जिसमें कुल 61 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। वहीं ‘कौन हूं मैं’ प्रतियोगिता सब-जूनियर वर्ग में आयोजित की गई, जिसमें 52 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को वन्यजीवों के पदचिह्न एवं उनके ट्रैक की पहचान के साथ-साथ विभिन्न वन्यजीवों के बारे में रोचक एवं ज्ञानवर्धक जानकारी दी गई। इससे बच्चों में वन्यजीव संरक्षण के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।प्रतियोगिताओं में शामिल प्रतिभागियों के साथ सफारी पार्क पहुंचे अन्य छात्र-छात्राओं को भी सफारी का भ्रमण कराया गया। वन्य प्राणी सप्ताह के दौरान अब तक लगभग 650 छात्र-छात्राओं को निःशुल्क सफारी भ्रमण कराया जा चुका है। सफारी भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने वन्यजीवों को करीब से देखकर उनके संरक्षण एवं प्राकृतिक आवास के महत्व को समझा।इटावा सफारी पार्क द्वारा वन्यजीव संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों और आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए वन्य प्राणी सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न शैक्षणिक, रचनात्मक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
राष्ट्रीय डॉल्फिन दिवस पर सफारी में प्रतियोगिताओं का आयोजन, छात्र-छात्राओं ने किया निःशुल्क सफारी भ्रमण

