सैफई (इटावा)। नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में बुधवार को आयोजित रेजांगला शौर्य एवं यदुकुल सम्मान दिवस में सैफई क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। श्री कृष्ण यादव महासभा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान रेजांगला की लड़ाई में मातृभूमि की रक्षा करते हुए बलिदान देने वाले 114 वीर अहीर सैनिकों के शौर्य और पराक्रम को याद कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में इटावा के साथ आसपास के जनपदों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शामिल होकर वीर सैनिकों को नमन किया। उन्होंने कहा कि मेजर शैतान सिंह के नेतृत्व में 13 कुमाऊं रेजिमेंट के जवानों ने रेजांगला की बर्फीली पहाड़ियों पर बेहद कठिन परिस्थितियों में चीनी सेना का मुकाबला किया। 114 जवानों ने मातृभूमि की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर कर दिए, लेकिन आखिरी सांस तक मोर्चे पर डटे रहे। राष्ट्र इन वीरों के बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित किया।
श्री कृष्ण यादव महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं दिल्ली सरकार के पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व अध्यक्ष जगदीश यादव ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों और देशभर से आए लोगों का आभार जताया। उन्होंने विशेष रूप से सैफई, इटावा और आसपास के जनपदों से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि रेजांगला के वीर सैनिकों के शौर्य और बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना तथा समाज की प्रतिभाओं को सम्मान देना इस आयोजन का उद्देश्य है। महासभा की ओर से आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी विद्यार्थियों को निशुल्क आईएएस और आईपीएस कोचिंग उपलब्ध कराने की पहल भी की जा रही है।इस अवसर पर भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद अरुण सिंह, भाजपा उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष राजेश यादव और हरियाणा विधानसभा की पूर्व उपाध्यक्ष संतोष यादव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में शिक्षा, समाजसेवा, खेल, कला, चिकित्सा और मीडिया सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को यदुकुल सम्मान से सम्मानित किया गया।
दिल्ली में गूंजा रेजांगला के वीरों का शौर्य, सैफई क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल

