इटावा- सर्वाइकल कैंसर के प्रति 14 वर्ष की छात्राओं को जागरूक करने के उद्देश्य से श्री सत्यनारायण समाज सेवा संस्थान ने उच्च प्राथमिक विद्यालय कम्पोजिट पचावली में किशोरी चेतना शिविर का आयोजन किया। संस्था पूर्व में अन्य विद्यालयों में किशोरी चेतना शिविर आयोजित कर छात्राओं को जागरूक कर चुकी है। सचिव डा.ज्योति वर्मा ने कहा कि 14 वर्ष पूरे कर चुकी छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय कैंसर) से बचाने के लिए सरकार द्वारा उन्हें एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) का निश्शुल्क टीका लगवाया जा रहा है। यह टीका सवाईकल कैंसर से बचाने में सहायक है और यह सरकारी अस्पताल में निश्शुल्क लगाया जा रहा है। जो मुख्य रूप से 14 से 15 वर्ष की उम्र के मध्य की बालिकाओं को लगाया जाता है। डाक्टर की सलाह पर उम्र के हिसाब से दो या तीन बार लगाया जाता है। समय पर टीका लगवाने से सर्वाइकल कैंसर का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है। टीका पूरी तरह सुरक्षित है और सरकार द्वारा भी इसके प्रति जागरूकता फैलाई जा रही है। विद्यालय में इंचार्ज सहायक अध्यापिका पुष्पा कुमारी ने संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया।
छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के प्रति किया जागरूक

