Headlines

तीन कुंतल पनीर से भरी ईको पकड़ी, जांच के लिए लिया नमूना

जसवंतनगर। खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने गुरुवार सुबह कचौरा घाट मार्ग पर भोगनीपुर गंग नहर पुल के पास जांच अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी रवि भान सिंह के नेतृत्व में टीम ने आगरा जिले की बाह तहसील क्षेत्र से यमुना नदी पुल पार कर बलरई थाना क्षेत्र की दो जिलों के बॉर्डर पर स्थित लखेरे कुआँ पुलिस चौकी से होकर आ रही एक ईको गाड़ी को रोककर जांच की।वाहन में करीब तीन कुंतल से अधिक पनीर लदा हुआ था। पूछताछ में चालक लक्ष्मी नारायण पुत्र राजू ने बताया कि वह आगरा जिले के बाह क्षेत्र से पनीर लेकर बसरेहर बिक्री के लिए जा रहा था। टीम ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत पनीर का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की कार्रवाई की।खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही पनीर की गुणवत्ता स्पष्ट हो सकेगी। नमूने में मिलावट या निर्धारित मानकों की कमी पाए जाने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम लगातार दूसरे दिन पनीर की खेप की जांच में जुटी रही। इससे पहले बुधवार को भी टीम ने पनीर से लदा एक ऑटो पकड़ा था। लगातार हो रही छापेमारी से पनीर कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

Please follow and like us:
Pin Share